उत्तरकाशी में बहुत बड़ा हिमस्खलन हुआ
खोज अभियान अभी चल रहा है
ग्लेशियल झील के करीब हादसा
चार लोग किसी तरह गंगोत्री लौटे
राष्ट्रीय खबर
देहरादूनः उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित केदारताल ट्रैक पर 29 अक्टूबर को आए भीषण हिमस्खलन के बाद रेस्क्यू टीम ने दो शव बरामद किए हैं। बरामद शवों में एक पुरुष और एक महिला का शव शामिल है, जिनकी शिनाख्त फिलहाल की जा रही है।
इस बीच, लापता सात ट्रैकर्स और एक गाइड की तलाश में खोज अभियान युद्धस्तर पर जारी है। रेस्क्यू ऑपरेशन में राज्य आपदा मोचन बल और नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग के विशेषज्ञ जवान लगातार जुटे हुए हैं। एसडीआरएफ के कमांडेंट अर्पण यदुवंशी के निर्देशों पर रविवार को जमीनी और हवाई दोनों माध्यमों से सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया और एक विशेष पर्वतारोहण टीम को भी मौके पर तैनात किया गया है।
यह दर्दनाक हादसा केदार खड़क के पास उस समय हुआ जब पर्वतारोही दल केदारताल से नीचे उतर रहा था। 15,485 फीट (4,720 मीटर) की ऊंचाई पर स्थित केदारताल एक ग्लेशियल झील है, जो माउंट थले सागर, माउंट भृगुपंथ और जोगिन चोटियों के पिघलने वाले पानी से भरती है। यह स्थान उच्च ऊंचाई वाले अनुभवी पर्वतारोहियों के बीच काफी लोकप्रिय है।
गंगोत्री से शुरू होने वाला यह 18 किलोमीटर का कठिन ट्रैक केदार गंगा नदी के किनारे-किनारे काफी खड़ी चढ़ाई वाला रास्ता है। यह दुर्गम मार्ग घने भोजपत्र के जंगलों, उच्च-ऊंचाई वाले बुग्यालों (मेडाउ) और खतरनाक मोरेन क्षेत्रों (पथरीले मलबे) से होकर गुजरता है।
12 सदस्यीय इस पर्वतारोही दल में सात ट्रेकर्स और पांच सहयोगी स्टाफ शामिल थे। दल ने 27 अक्टूबर को गंगोत्री से अपनी यात्रा शुरू की थी और इसे 29 अक्टूबर तक पूरा करने का कार्यक्रम था। लेकिन 29 तारीख को आए हिमस्खलन के कारण 8 लोग लापता हो गए।
घटना का पता 30 अक्टूबर को तब चला जब दल के चार सहयोगी सदस्य किसी तरह जान बचाकर गंगोत्री लौटने में सफल रहे। उन्होंने बताया कि हिमस्खलन के दौरान उनका बाकी 8 सदस्यों से संपर्क टूट गया था। ट्रेकिंग एजेंसी सोल सीकर द्वारा अलर्ट जारी किए जाने के तुरंत बाद बचाव टीमों को रवाना किया गया। क्षेत्र में खराब मौसम और कठिन परिस्थितियों के कारण खोज एवं बचाव अभियान में भारी बाधाएं आ रही हैं।