Breaking News in Hindi

मध्य स्पेन में फिर हुआ बहुत बड़ा ट्रेन हादसा

टक्कर में 68 लोगों की दर्दनाक मौत

एक ट्रेन दूसरी ट्रेन से जा टकरायी

पहली ट्रेन पहले से ठहरी हुई थी

चेतावनी ना मिलने से हुई टक्कर

मैड्रिडः मध्य स्पेन में बुधवार को एक भीषण ट्रेन हादसा हो गया, जहाँ एक हाई-स्पीड ट्रेन ने अचानक रुकी हुई दूसरी ट्रेन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भयानक भिड़ंत के कारण दो बोगियां पटरी से उतर गईं और कम से कम 68 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। प्रारंभिक रिपोर्टों और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हादसा मानवीय भूल (ह्यूमन एरर) के कारण हुआ।

सिग्नल की खराबी को ठीक कर रहे एक कर्मचारी द्वारा हाई-स्पीड ट्रेन को सामने से आ रही ट्रेन के बारे में समय रहते चेतावनी न दे पाने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

उर्दा और लॉस येबेनेस कस्बों के बीच ग्रामीण इलाके के समतल ट्रैक पर हुई यह टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रेन का डिब्बा पूरी तरह से परखच्चों में तब्दील हो गया और उसका मलबा आसपास के ढलान पर बिखर गया। दुर्घटनास्थल के 85 सेकंड के ड्रोन फुटेज में दोनों क्षतिग्रस्त ट्रेनें पटरियों पर रुकी हुई दिख रही हैं, जिनकी कई बोगियां पटरी से उतरकर नीचे गिर गई हैं।

फुटेज में बड़े पैमाने पर जारी राहत और बचाव कार्य को देखा जा सकता है, जहाँ दर्जनों एम्बुलेंस, दमकल गाड़ियाँ और पुलिस वाहन घायलों की मदद में जुटे हुए हैं।
स्पेन की स्वास्थ्य मंत्री मोनिका गार्सिया ने बताया कि आपातकालीन दल सबसे ज्यादा क्षतिग्रस्त हुई दो बोगियों से जीवित बचे लोगों और शवों को निकालने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा हाई-स्पीड रेल नेटवर्क रखने वाले स्पेन में इस साल यह दूसरा बड़ा ट्रेन हादसा है। इससे पहले जनवरी में आदमुज़ में हुए हादसे में 46 लोगों की जान चली गई थी, जिसके बाद से देश के रेलवे सुरक्षा तंत्र पर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।