गोवा के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी है आप
अगले साल यहां चुनाव होने हैं
यहां भी छह गारंटियों का एलान
भाजपा की सरकार पूर्ण विफल है
राष्ट्रीय खबर
मुंबईः आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को गोवा में महंगाई के खिलाफ 26 नवंबर से 19 दिसंबर तक राज्यव्यापी यात्रा निकालने का ऐलान किया है। उन्होंने राज्य की सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर जरूरी चीजों की बढ़ती कीमतों को रोकने में पूरी तरह विफल रहने का आरोप लगाया है।
पणजी में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंहगाई मुक्ति यात्रा की घोषणा करते हुए केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा के 15 साल के शासनकाल में आम परिवारों का खर्च तीन से चार गुना बढ़ गया है, जबकि लोगों की आय और वेतन में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई है। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में आप नेता आतिशी और पार्टी के गोवा इकाई के प्रमुख वाल्मीकि नायक भी मौजूद थे।
केजरीवाल ने कहा कि ब्रेड, पेट्रोल, बिजली, किराया और सब्जियों जैसी दैनिक आवश्यकताओं की कीमतें अत्यधिक बढ़ गई हैं। उन्होंने इसके लिए भ्रष्टाचार और राजनीतिक तोड़-फोड़ को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि विधायकों को खरीदने का खर्च अंततः महंगाई बढ़ाकर आम जनता की जेब से वसूला जाता है। उन्होंने गोवा टाउन एंड कंट्री प्लानिंग एक्ट की धारा 39ए के तहत जमीन के उपयोग में बदलाव से जुड़े कथित भ्रष्टाचार का भी जिक्र किया। यह यात्रा 26 नवंबर (संविधान दिवस) से शुरू होकर 19 दिसंबर (गोवा मुक्ति दिवस) तक चलेगी। केजरीवाल ने कहा कि यह यात्रा आम लोगों को महंगाई से जुड़ी अपनी समस्याएं और अनुभव साझा करने के लिए एक सीधा मंच प्रदान करेगी।
केजरीवाल ने कहा कि इस अभियान के दौरान पार्टी अपनी छह मुख्य वादे को भी जनता के बीच ले जाएगी, जिनमें से पांच सीधे तौर पर महंगाई से राहत देने के लिए हैं। उन्होंने दावा किया कि इन वादों के लागू होने से हर परिवार को प्रति माह कम से कम 15,000 की बचत होगी। इन वादों में महिलाओं को 3,000 रुपये की मासिक वित्तीय सहायता और मुफ्त बस यात्रा भी शामिल है। अगले साल 2027 में होने वाले गोवा विधानसभा चुनावों पर बोलते हुए केजरीवाल ने कहा कि चुनावी अभियान जनता की वास्तविक समस्याओं, उम्मीदों और आकांक्षाओं पर केंद्रित होना चाहिए।