भाजपा सरकार पर कांग्रेस सांसद का बड़ा आरोप
सच से डर गयी है मोदी सरकार
हर मोर्चे पर सरकारी मशीनरी
सरकारी धन का भी दुरुपयोग
राष्ट्रीय खबर
नईदिल्लीः वायनाड से लोकसभा सांसद और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को कहा कि झूठ के हमले के खिलाफ खड़े होने के लिए अपरंपार साहस, दृढ़ता और एक सच्चे योद्धा के धैर्य की आवश्यकता होती है। उनका यह बयान उनके भाई और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को उत्तर प्रदेश की एक अदालत द्वारा मानहानि के मामले में बरी किए जाने के एक दिन बाद आया है।
एक्स पर राहुल गांधी की उस पोस्ट का जवाब देते हुए, जिसमें उन्होंने सत्यम शिवम सुंदरम लिखा था, प्रियंका वाड्रा ने सरकार पर उनके भाई की छवि खराब करने के लिए अभूतपूर्व संसाधनों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, इस सरकार ने सिर्फ निडर होकर सच बोलने के कारण मेरे भाई को बदनाम करने, उनकी छवि धूमिल करने और उन पर फर्जी मामले दर्ज करने के लिए एक गंदे अभियान पर अभूतपूर्व संसाधन खर्च किए हैं। जिस तरह से वे खड़े रहे हैं, झूठ के इस तूफान का सामना करने के लिए अपार साहस और दृढ़ता की जरूरत होती है।
प्रियंका गांधी ने आगे कहा, एक-एक करके सभी झूठे आरोप ढह जाएंगे। सच स्पष्ट और मजबूत होकर सामने आएगा। यह तो बस शुरुआत है। गौरतलब है कि सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए अदालत ने सोमवार को राहुल गांधी को 2018 में तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ की गई टिप्पणियों से जुड़े मानहानि के मामले में बरी कर दिया था। अदालती फैसले के अगले दिन राहुल गांधी ने संस्कृत वाक्यांश सत्यम शिवम सुंदरम लिखकर सत्य और पवित्रता का संदेश दिया था।