Breaking News in Hindi

राज्य माकपा ने बीएसएफ हमले पर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाये

आठ लोगों की गिरफ्तारी के बाद उनका संबंध पूछा

माकपा ने साफ फोटो जारी किये हैं

सभी की राजनीतिक पहचान बतायी

भाजपा ने स्पष्टीकरण नहीं दिया है

राष्ट्रीय खबर

अगरतलाः त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास आशाबारी में सीमा सुरक्षा बल के जवानों पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।  अब राज्य माकपा ने एक फेसबुक पोस्ट के जरिए भाजपा से यह स्पष्ट करने को कहा है कि गिरफ्तार किये गये लोगों का चेहरा छिपाने के बाद पार्टी बताए कि वह किस राजनीतिक दल के कार्यकर्ता और नेता हैं।

सोमवार को कलमचौड़ा थाना क्षेत्र के तहत आशाबारी सीमा चौकी के पास तस्करों और ग्रामीणों की भीड़ ने लाठियों और बांस से बीएसएफ कर्मियों पर हमला कर दिया था, जिसमें एक कंपनी कमांडर (सहायक कमांडेंट) सहित तीन जवान घायल हो गए थे।

घटनाक्रम और तस्करों की उकसावेबाजीवरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अवैध व्यापार में लगे भारतीय और बांग्लादेशी तस्करों को देखकर बीएसएफ जवानों ने एक भारतीय तस्कर को मौके पर ही पकड़ लिया था। बाड़ के दूसरी तरफ मौजूद बांग्लादेशी तस्कर भागने में सफल रहे।

इसी बीच, हिरासत से छूटकर भागे भारतीय तस्कर ने गांव में अफवाह फैला दी कि बीएसएफ कर्मियों ने उसके साथ मारपीट की है। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और उपद्रवी मौके पर जमा हो गए। भीड़ ने बीएसएफ के वाहन को घेरकर हमला कर दिया, वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया और जवानों के हथियार छीनने का भी प्रयास किया।

मुख्यमंत्री की सख्त प्रतिक्रिया और कानूनी कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही बीएसएफ और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा (जो गृह विभाग भी संभालते हैं) ने जवानों पर हुए हमले की कड़ी निंदा की और कहा कि सुरक्षा बलों के खिलाफ हिंसा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि घटना में शामिल सभी दोषियों को न्याय के कठघरे में लाया जाएगा और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सीमा पार तस्करी के प्रति ज़ीरो टॉलरेंस नीति अपनाने और सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में गहन छापेमारी अभियान चला रही है।

इसके बाद माकपा ने फेसबुक पोस्ट में गिरफ्तार किये गये लोगों के भाजपा से जुड़े होने की तस्वीरें भी जारी कर यह सवाल उठाया है। उनका कहना है कि इस हमले में जो लोग गिरफ्तार किये गये हैं, वे सभी भाजपा से जुड़े हुए लोग हैं। इनमें से एक तो भाजपा का पदाधिकारी भी हैं और सोशल मीडिया पर भाजपा नेताओँ के साथ इनकी अनेक फोटो मौजूद हैं।