जर्मनी की पुलिस इस बार पूरी तरह पहले से सतर्क
एजेंसियां
बर्लिनः जर्मनी की पुलिस इस सप्ताहांत दक्षिणपंथी पार्टी अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी के वार्षिक सम्मेलन की सुरक्षा के लिए कमर कस रही है। पुलिस को इस दौरान हजारों की संख्या में आने वाले फासीवाद-विरोधी प्रदर्शनकारियों का सामना करना पड़ सकता है, जो इस बैठक को रोकने के लिए पूरी तरह अड़े हुए हैं।
थुरिंगिया राज्य के एरफर्ट शहर में होने वाला यह टकराव ऐसे समय में हो रहा है, जब विपक्षी एएफडी पार्टी राष्ट्रीय जनमत सर्वेक्षणों में अन्य सभी दलों को पीछे छोड़ते हुए सबसे आगे चल रही है। शनिवार से शुरू होने वाले इस सम्मेलन के भीतर, एएफडी के सह-नेता ऐलिस वेडेल और टीनो क्रुपल्ला इस आप्रवासन-विरोधी पार्टी की कमान संभाले रखने के लिए फिर से चुने जाने का प्रयास करेंगे।
दूसरी ओर, सड़कों पर पूरे जर्मनी से लगभग 50,000 प्रदर्शनकारियों के जुटने की उम्मीद है, जो रैलियों और धरने के जरिए एएफडी प्रतिनिधियों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने से रोकने की योजना बना रहे हैं। समाचार साप्ताहिक डेर स्पीगेल द्वारा प्राप्त आंतरिक पुलिस दस्तावेजों के अनुसार, इनमें से करीब 2,500 प्रदर्शनकारियों के हिंसक रूप अख्तियार करने की आशंका है।
एएफडी के इस तेजी से होते उत्थान ने कई जर्मन नागरिकों को चिंतित कर दिया है, जो मानते हैं कि जर्मनी के काले नाजी अतीत को देखते हुए दक्षिणपंथी राजनीति के खिलाफ लड़ना उनका विशेष कर्तव्य है। कुछ लोगों ने एएफडी द्वारा पड़ोसी शहर वीमार में हुए नाजी सम्मेलन की 100वीं वर्षगांठ के दिन ही एरफर्ट में अपना सम्मेलन आयोजित करने को जानबूझकर उकसाने की कोशिश माना है, हालांकि एएफडी ने इस आरोप से इनकार किया है।
एएफडी-विरोधी विरोध गठबंधन रेसिस्टेंस की प्रवक्ता नोआ सैंडर ने लगभग 2,200,000 की आबादी वाले शहर एरफर्ट में सम्मेलन से पहले कहा, यह एक बेहद खतरनाक पार्टी है। एएफडी बड़े पैमाने पर निर्वासन और नस्लीय सफ सफाया चाहती है। इस पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। वहीं एएफडी की सांसद बीट्रिक्स वॉन स्टॉर्च ने सोशल मीडिया पर अपने विरोधियों से कहा, आपके पास केवल हिंसा है, हमारे पास तर्क हैं।
जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ ने एएफडी के बढ़ते प्रभाव को रोकने का संकल्प लिया है, जिसे अब तक सत्ता से दूर रखा गया है क्योंकि अन्य सभी दलों ने इसके साथ सहयोग करने से इनकार कर दिया है। एएफडी का कहना है कि वह एक रूढ़िवादी ताकत है जो उस राजनीतिक स्थान को भर रही है जो कभी मर्ज़ के क्रिश्चियन डेमोक्रेट्स के पास था।
आलोचकों का कहना है कि यह पार्टी खतरनाक है और इस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की जा रही है। इस साल पूर्व-कम्युनिस्ट पूर्वी जर्मनी में होने वाले राज्य चुनावों को देखते हुए एएफडी पहली बार सत्ता पर नजर गड़ाए हुए है। सर्वेक्षणों से संकेत मिलता है कि यह सितंबर में सैक्सनी-अनहाल्ट राज्य में पूर्ण बहुमत हासिल कर सकती है।
थुरिंगिया के आंतरिक मंत्री जॉर्ज मायर ने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने का आग्रह किया है। हालांकि जर्मनी का मूल कानून सभा की स्वतंत्रता की गारंटी देता है, लेकिन सैंडर का तर्क है कि राजनीतिक खतरे की गंभीरता को देखते हुए एएफडी की बैठक को रोकने के लिए अहिंसक प्रतिरोध के कदम पूरी तरह उचित हैं।