यहां के प्रखंडों में डिग्री कॉलेजों की शुरुआत
-
राजकीय डिग्री कॉलेजों का उदघाटन
-
विक्रमशिला विश्वविद्यालय को जमीन
-
अपराधियों को मंच से सीधी चेतावनी
दीपक नौरंगी
भागलपुर: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को भागलपुर जिले के गोराडीह प्रखंड स्थित काशील गांव से राज्य के शैक्षणिक इतिहास में एक बड़ा कदम उठाया। मुख्यमंत्री ने राज्य के 211 प्रखंडों में नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का उद्घाटन करते हुए इसे बिहार में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया। भव्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का मुख्य लक्ष्य हर प्रखंड तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना और राज्य के अंतिम व्यक्ति तक सुशासन का लाभ देना है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र-छात्राओं पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने कहा, जिन प्रखंडों के बच्चों को स्नातक की पढ़ाई के लिए दूर जाना पड़ता था, उन्हें अब अपने ही घर के पास बेहतरीन शिक्षा मिलेगी। मैंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि इन नए कॉलेजों की नियमित निगरानी की जाए। शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने भागलपुर के ऐतिहासिक गौरव को पुनः स्थापित करने का संकल्प दोहराते हुए एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि बहुप्रतीक्षित विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए 220 एकड़ भूमि का हस्तांतरण पूरा हो चुका है और अब इस परियोजना को अत्यंत तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा।
शिक्षा के साथ-साथ मुख्यमंत्री के संबोधन का एक बड़ा हिस्सा राज्य की कानून-व्यवस्था पर केंद्रित रहा। अपराधियों और भ्रष्टाचारियों को सीधे चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा, बिहार में कानून का राज है और अपराधियों के लिए यहाँ कोई जगह नहीं है। या तो अपराध छोड़ दीजिए, अन्यथा जेल जाने के लिए तैयार रहिए। पुलिस कार्रवाई में किसी अपराधी की जाति, धर्म या उसका प्रभाव नहीं देखा जाएगा; केवल उसका अपराध ही कार्रवाई का आधार होगा।
त्वरित न्याय प्रणाली को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने राज्य में 100 नए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन का एलान किया, ताकि गंभीर मामलों का निपटारा जल्द से जल्द हो सके। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने वालों पर नकेल कसने के लिए साइबर थानों को और अधिक आधुनिक व मजबूत बनाने की घोषणा की।
क्षेत्रीय पर्यटन को नई ऊंचाई देने के लिए कहलगांव से बटेश्वर स्थान तक अत्याधुनिक रोपवे का निर्माण कराया जाएगा। अगले पांच वर्षों के भीतर राज्य में एक करोड़ नए राशन कार्ड जारी किए जाएंगे ताकि कोई भी पात्र परिवार इस योजना से वंचित न रहे। इस भव्य उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान राज्य के दोनों उपमुख्यमंत्री, उच्च शिक्षा मंत्री, भागलपुर के स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय, वरीय पुलिस अधीक्षक सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।