Breaking News in Hindi

सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी, चुराचांदपुर में उग्रवादी कैंप का भंडाफोड़

संकट को लेकर ओकराम इबोबी सिंह का तीखा बयान

  • संयुक्त अभियान में हथियार बरामद

  • हिंसा के बढ़ने से घेरे में भाजपा सरकार

  • सरकारी कर्मचारियों का हल्ला बोल प्रदर्शन

भूपेन गोस्वामी

गुवाहाटी: मणिपुर पुलिस और 19 गढ़वाल राइफल्स की संयुक्त टीम ने चुराचांदपुर जिले के के. थेनजंग गांव के जंगलों में एक बड़ा एंटी-इंसर्जेंसी ऑपरेशन चलाया। सुबह करीब 4 बजे शुरू हुए इस सर्च ऑपरेशन में सुरक्षा बलों ने उग्रवादियों के एक अस्थाई कैंप को ध्वस्त कर दिया।

मौके से भारी मात्रा में जंगी सामान बरामद किया गया, जिसमें चार उन्नत राइफलें, एक 4 किलोग्राम का शंक्वाकार आईईडी, चार बुलेटप्रूफ जैकेट, दो हेलमेट और कारतूस शामिल हैं। हालांकि, इस दौरान कोई उग्रवादी पकड़ा नहीं गया। सुरक्षा बलों ने गैर-कानूनी सशस्त्र समूहों, विशेषकर सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशन्स फ्रेमवर्क से बाहर सक्रिय संगठनों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है।

दूसरी ओर, राज्य की राजनीतिक फिजा भी गरमाई हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ओकराम इबोबी सिंह ने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकारों पर तीखा हमला बोला है। इंफाल पश्चिम के कांटो सबल में हुई हालिया आगजनी की घटना पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि भारी संख्या में केंद्रीय बलों की मौजूदगी के बाद भी हिंसा न रुकना हैरान करने वाला है।

इबोबी ने आरोप लगाया कि मणिपुर में लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है और फैसले दिल्ली से नियंत्रित हो रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि सरकार ठोस कदम उठाने के बजाय लोगों के थककर शांत होने का इंतजार कर रही है। उन्होंने आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को मणिपुर के भविष्य के लिए निर्णायक बताया।

इन सबके बीच, सरकारी कर्मचारियों के आंदोलन ने प्रशासनिक कामकाज को ठप कर दिया है। ऑल मणिपुर गवर्नमेंट एम्प्लॉइज ऑर्गनाइजेशन और जॉइंट एडमिनिस्ट्रेटिव काउंसिल के बैनर तले कर्मचारी महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में बढ़ोतरी सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इंफाल वेस्ट और बिष्णुपुर सहित कई जिलों में काम पूरी तरह प्रभावित हुआ है। संगठन के अध्यक्ष आर.के. बसुमनी ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन और उग्र होगा। वर्तमान में मणिपुर के कर्मचारियों को केवल 18 फीसद डीए मिल रहा है, जबकि केंद्रीय दर लगभग 60 प्रतिशत है।