Breaking News in Hindi

रामलीला मैदान की रैली की तैयारियां अंतिम चरण में

दिल्ली पुलिस ने फिर से दोहराया कि कोई अनुमति नहीं है

मार्च के मार्ग पर पुलिस को आपत्ति है

राहुल ने कई स्थानों पर लोगों को बुलाया

कई स्थानों पर ट्राफिक डायवर्सन जारी है

राष्ट्रीय खबर

नईदिल्लीः विपक्षी गठबंधन इंडिया के रामलीला मैदान में होने वाले शक्ति प्रदर्शन से ठीक एक दिन पहले, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा निकाले जाने वाले मार्च को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि विपक्षी दल को रामलीला मैदान में रैली करने की मंजूरी तो दी गई है, लेकिन मिंटो रोड से मैदान तक प्रस्तावित जुलूस (मार्च) के लिए कोई औपचारिक अनुमति नहीं मांगी गई है।

राहुल गांधी ने समर्थकों को रविवार, 1 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे कनॉट प्लेस के पास मिंटो रोड जंक्शन पर एकत्र होने और अजमेरी गेट के रास्ते रामलीला मैदान तक मार्च करने का आह्वान किया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उन्हें इस जुलूस के लिए कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। सुरक्षा एजेंसियों ने रैली के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए 3,500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती और 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की योजना बनाई है।

दिल्ली पुलिस ने 17 अक्टूबर को ही रामलीला मैदान में 1 नवंबर की सभा के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र दे दिया था, जो शाम 5 बजे तक समाप्त होनी है। हालांकि, मध्य दिल्ली में सार्वजनिक सभाओं पर लागू प्रतिबंधों के कारण जुलूस निकालने की अलग से अनुमति आवश्यक है। पुलिस ने पहले से ही रामलीला मैदान को 14 सुरक्षा ज़ोन में बांटा गया है। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच दिल्ली गेट, अजमेरी गेट, राजघाट, आईटीओ क्रॉसिंग, रंजीत सिंह फ्लाईओवर और तुर्कमान गेट जैसे इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहने की संभावना है।

चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने त्यौहारों (धनतेरस और दिवाली) के कारण होने वाले व्यापारिक नुकसान का हवाला देते हुए राहुल गांधी से इस रैली को 10 नवंबर के बाद तक स्थगित करने की अपील की है। दूसरी तरफ कांग्रेस खेमा का दावा है कि ऐसी अपील करने वाले अधिकांश लोग भाजपा से जुड़े हुए हैं।  यह सभा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और कथित चुनावी अनियमितताओं के खिलाफ विपक्ष के चल रहे राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा है। इंडिया ब्लॉक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है।