घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है
जेलेंस्की ने भी शेयर किया वीडियो
दनिप्रो शहर के स्टेशन की घटना है
यात्री उस वक्त ट्रेन के पास खड़े थे
कीवः यूक्रेन के एक रेलवे स्टेशन पर भीषण ड्रोन हमला हुआ है। रूसी ड्रोन सीधे स्टेशन पर खड़ी यात्री ट्रेन के ठीक सामने आकर आजीव गिरा! इस दर्दनाक घटना में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई है, जबकि लगभग 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। गुरुवार सुबह दनिप्रो रेलवे स्टेशन पर यह घटना घटी, जब स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर एक ट्रेन खड़ी थी और तभी रूस द्वारा दागा गया ड्रोन वहां आ गिरा। इस घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं, जिसमें से एक वीडियो खुद यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने भी साझा किया है।
यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार की सुबह रूस का यह ड्रोन दनिप्रो शहर के रेलवे स्टेशन पर आ गिरा। हमले के तुरंत बाद शहर के मेयर बोरिस फिलातोव ने सोशल मीडिया पर लिखा, दनिप्रो में एक बेहद दर्दनाक घटना घटी है। एक ड्रोन ने यात्री इलेक्ट्रिक ट्रेन को निशाना बनाया है, जिसमें कई लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए हैं।
यूक्रेनी रेलवे प्रशासन ने भी जानकारी दी है कि दनिप्रो स्टेशन पर खड़ी ट्रेन संख्या 866 को जापोरिजिया के लिए रवाना होना था। ठीक उसी समय रूस ने जेट-चालित ड्रोन से इस हमले को अंजाम दिया। जब ड्रोन ने हमला किया, तब स्टेशन पर भारी भीड़ थी और प्लेटफॉर्म पर कई लोग अपनी यात्रा के लिए इंतजार कर रहे थे। इस वजह से नुकसान बहुत ज्यादा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए और मेडिकल टीमों ने घायलों का इलाज शुरू कर दिया है।