अड़तालीस हजार करोड़ के विशाल पावर प्लांट का शिलान्यास
बीस हजार को रोजगार मिलेगा यहां
मुख्यमंत्री ने इसकी आधारशिला रखी
पूर्वोत्तर में एक लाख करोड निवेश होगा
भूपेन गोस्वामी
गुवाहाटीः असम के धुबरी जिले के चापर में अडाणी समूह की ओर से एक बड़े और ऐतिहासिक प्रोजेक्ट की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा ने धुबरी में 3,200 मेगावाट क्षमता वाले अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी है। लगभग 48,000 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से तैयार होने वाली इस परियोजना से राज्य की बिजली उत्पादन क्षमता में भारी इजाफा होगा। इसके साथ ही, निर्माण कार्य के दौरान करीब 20,000 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है और जब यह प्लांट पूरी तरह चालू हो जाएगा, तो लगभग 5,000 स्थायी नौकरियां भी सृजित होंगी।
शिलान्यास समारोह में अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड के नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर जीत अडाणी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने असम में समूह के निवेश और भविष्य की बड़ी योजनाओं का एक विस्तृत रोडमैप पेश किया। जीत अडाणी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में वह लगभग 40 बार असम आ चुके हैं और अब यह राज्य उनके लिए किसी दूसरे घर जैसा बन गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व और कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की तेज निर्णय लेने की क्षमता निवेशकों को और अधिक प्रोत्साहित करती है।
अडाणी समूह ने पूर्वोत्तर भारत में अगले 10 वर्षों में कुल 1 लाख करोड़ रुपये का निवेश करने का संकल्प लिया है, जिसके तहत अकेले असम में लगभग 80,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जा चुका है। समूह का मुख्य उद्देश्य केवल व्यावसायिक विस्तार करना नहीं, बल्कि स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार से जोड़ना है। राज्य में अब तक कई जॉब ड्राइव के माध्यम से हजारों स्थानीय युवाओं को नौकरियां मिल चुकी हैं और भविष्य में विभिन्न सेक्टरों में कुल 40,000 प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।
यह प्रोजेक्ट केवल ऊर्जा क्षेत्र तक सीमित नहीं है। अडाणी समूह गुवाहाटी एयरपोर्ट के विकास, स्मार्ट मीटर, सीमेंट, कनेक्टिविटी और एमआरओ (रखरखाव व मरम्मत) सेवाओं जैसे विभिन्न क्षेत्रों में भी सक्रिय रूप से काम कर रहा है। इसके अलावा, अडाणी फाउंडेशन के जरिए बाढ़ राहत कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास के क्षेत्रों में भी लगातार सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं।