संगठन की मजबूती औऱ विस्तार का निर्णय
संगठन में नये सदस्यों को जोड़ेंगे
सभी के लिए कार्यशाला आयोजन
सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन होगा
राष्ट्रीय खबर
रांचीः झारखंड यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स की बैठक अलबर्ट एक्का चौक स्थित नये कार्यालय में आयोजित की गयी। इस बैठक में यूनियन के चुनाव के पश्चात नये पदाधिकारियों ने अपने अपने विचार रखे और संगठन को और अधिक विस्तार देने पर अपनी अपनी राय दी। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकारों के हितों की रक्षा करने पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान सर्वसम्मति से पूरी कमेटी का चुनाव किया गया है। इस चुनाव में रजत गुप्ता को जेयूजे का नया प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है। लोहरदगा के सतीश शाहदेव इस संगठन के महासचिव बनाये गये हैं। बैठक में पूर्व अध्यक्ष शिवकुमार अग्रवाल और पूर्व महासचिव राजीव नयनम सहित सभी पदाधिकारी और नये कार्यकारिणी सदस्य शामिल हुए।

पत्रकारों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए एक ट्रस्ट के गठन का निर्णय लिया गया। इसके तहत कोष संग्रह कर जरूरतमंद पत्रकारों की ईलाज के दौरान मदद की जाएगी। इसके लिए सात सदस्यीय टीम भी बनायी गयी। यूनियन की तरफ से कोष संग्रह के लिए मैगजीन के प्रकाशन का भी निर्णय लिया गया। इसके अलावा सभी जिलों में पत्रकारों के लिए नई तकनीक से संबंधित कार्यशालाओं के आयोजन तथा नये सदस्यों को जोड़ने की जिम्मेदारी जिला समितियों को सौंपी गयी।
कई सदस्यों ने प्रदेश संगठन को पहल जैसा क्रियाशील और अधिक सदस्यों वाला संगठन बनाने की बात कही। इसके लिए सभी जिला के पदाधिकारियों को सक्रिय प्रयास करने को कहा गया। बैठक में इस बात की चर्चा हुई कि पत्रकार सुरक्षा कानून एवं कई अन्य मुद्दे सरकार के पास काफी समय से लंबित है। लिहाजा सरकार का ध्यान आकृष्ट करने के लिए निकट भविष्य में रांची में राज्य भर के पत्रकारों का एक विशाल प्रदर्शन भी आयोजित किया जाएगा।