मिमिक्री पर दोनों दल आमने सामने आये
पुलित मणि ने स्टेज पर प्रदर्शन किया
मोदी की नकल करता है यह कलाकार
भाजपा ने इसकी कड़ी निंदा की है
राष्ट्रीय खबर
नईदिल्लीः इंदौर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के छात्र आउटरीच कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई एक मिमिक्री प्रस्तुति ने बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। बीजेपी नेताओं ने इस कृत्य की कड़ी आलोचना करते हुए कांग्रेस पार्टी को घेरा है, जबकि विपक्षी पार्टी इसे महज एक हास्य विनोद बताकर इसका बचाव कर रही है।
यह पूरा विवाद शनिवार को आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम के दौरान सामने आया, जहां लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी मौजूद थे। कार्यक्रम में हास्य कलाकार (कॉमेडियन) पुलित मणि ने प्रधानमंत्री मोदी के हाव-भाव, हंसी, और बात करने के तरीकों की नकल की। इस दौरान राहुल गांधी को इस प्रस्तुति पर हंसते हुए देखा गया।
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इस वीडियो को शेयर करते हुए सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया दी और लिखा कि कांग्रेस पार्टी अब कॉमेडियन और जोकर्स की पार्टी बन चुकी है। बीजेपी नेताओं ने इसे सिर्फ मिमिक्री तक सीमित न मानते हुए राहुल गांधी और कांग्रेस पर व्यक्तिगत हमले करने की हद पार करने का आरोप लगाया।
बिहार भाजपा अध्यक्ष ने इसे सरासर अपरिपक्वता, राजनीतिक दिवालियापन और अशलीनता की पराकाष्ठा करार दिया और कहा कि इस तरह के कृत्यों को एक सभ्य समाज कभी स्वीकार नहीं कर सकता। इसके अलावा, कुछ अन्य भाजपा नेताओं ने भी यह आरोप लगाया है कि इस प्रस्तुति के दौरान प्रधानमंत्री की दिवंगत माता का भी अपमानजनक संदर्भ लिया गया, जिससे राजनीतिक सरगर्मी और अधिक बढ़ गई है।
दूसरी तरफ कांग्रेस नेताओं ने यह कहा कि सभास्थल पर मौजूद युवाओं ने इस हास्य का पूरा आनंद उठाया। यहां तक कि जो हास्य कलाकार प्रदर्शन कर रहा था, वह दरअसल समाज को क्या संदेश दे रहा था, यह भी आम जनता तक सीधा पहुंचा। जाहिर है कि हास्य प्रदर्शन के दौरान नाराज होने वाले भाजपा नेताओं के बयान ही यह बता रहे हैं कि दरअसल यह तीर ठीक निशाने पर ही लगा है।