वे भी दरअसल एक बी टीम ही हैः धर्मेद्र प्रधान
-
आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए लोग हैं
-
हार जाने क बाद भेष बदलकर आये हैं
-
एनटीए ने इस बार अच्छा काम कर दिखाया
राष्ट्रीय खबर
नईदिल्लीः केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कॉकरोच जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। नीट (यूजी) पेपर लीक विवाद को लेकर उनके इस्तीफे की मांग कर रहे इस समूह को प्रधान ने उन विघटनकारी तत्वों की बी-टीम करार दिया है, जिन्हें देश की जनता पहले ही नकार चुकी है। हालिया प्रदर्शनों पर बात करते हुए, प्रधान ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी से जुड़े रहे युवा नेता अभिजीत दिपके के नेतृत्व वाला यह संगठन उन विघटनकारी तत्वों के इशारे पर काम कर रहा है, जो देश को बांटना चाहते हैं।
प्रधान ने कहा, वे विघटनकारी तत्वों की बी-टीम हैं। जिन्हें लोकतंत्र में जनता ने नकार दिया है, वे भेष बदलकर आए हैं और अब व्यवस्था के पीछे पड़े हैं। वे उन लोगों के लिए नारे लगाते हैं जो देश को तोड़ना चाहते हैं। उनकी पहचान कर ली गई है। शिक्षा मंत्री ने जोर देकर कहा कि प्रदर्शनकारियों को भारत की प्रगति में कोई भरोसा नहीं है। उन्होंने छात्रों से बिना किसी डर और चिंता के नीट पुन: परीक्षा (री-एग्जाम) में शामिल होने का आग्रह किया।
प्रधान की यह टिप्पणी तब आई है जब सीजेपी उनके इस्तीफे की मांग कर रही है, जबकि सोमवार को लगभग 22 लाख छात्र नीट पुन: परीक्षा में शामिल हुए। इससे पहले रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दिल्ली विश्वविद्यालय में एक कार्यक्रम के दौरान प्रधान ने कहा था कि उन्हें नेशनल टेस्टिंग एजेंसी, राज्य सरकारों, जिला प्रशासन और शिक्षा जगत पर पूरा भरोसा है। उन्होंने छात्रों के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि वे निडर होकर परीक्षा दें।
नीट की पुन: परीक्षा सशस्त्र बलों और राज्य पुलिस के बहुस्तरीय सुरक्षा ढांचे के तहत आयोजित की गई। अधिकारियों ने कहा कि व्यापक सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य परीक्षा का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना था। एनटीए ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी माहौल सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए थे। वहीं, धर्मेंद्र प्रधान ने परीक्षा के सफल आयोजन पर संतोष जताया। इस बीच, उन्होंने पेपर लीक में शामिल शिक्षकों की कड़ी आलोचना की और कहा कि जो रक्षक होने चाहिए थे, वे भक्षक बन गए हैं।