देश के पर्यटकों की परेशानी और आमदनी का भी नुकसान
-
चुंगथान से लाचेन की सड़क बंद है
-
पर्यटक उस तरफ नहीं जा पा रहे
-
स्थानीय पर्यटन उद्योग को नुकसान
राष्ट्रीय खबर
सिलिगुड़ीः उत्तरी सिक्किम में चुंगथांग को लाचेन से जोड़ने वाली सड़क प्रतिकूल मौसम के कारण पिछले छह हफ्तों से बंद है। इसे देखते हुए मंगन के पुलिस अधीक्षक (एसपी) एलबी छेत्री ने चुंगथांग के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) और लाचेन के थाना प्रभारी (एसएचओ) के साथ शुक्रवार को तारम चू में चल रहे सड़क मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जमीनी स्थिति की समीक्षा की और बहाली के प्रयासों की प्रगति का जायजा लिया।
यह सड़क संपर्क 5 अप्रैल, 2026 से पूरी तरह से बाधित है, जिसके कारण ऊंचाई पर स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लाचेन का संपर्क बाकी हिस्सों से पूरी तरह कट गया है। इस मौसम में देश विदेश के पर्यटक यहां घूमने आते हैं। स्थानीय लोगों की आमदनी का प्रमुख जरिया यही पर्यटन उद्योग ही है।
मार्ग अवरुद्ध होने से लाचेन क्षेत्र के पर्यटन और आतिथ्य (हॉस्पिटैलिटी) क्षेत्र पर बहुत बुरा असर पड़ा है। इस खूबसूरत कस्बे में पर्यटकों के न पहुंच पाने के कारण पर्यटन और उससे जुड़े व्यवसायों पर निर्भर स्थानीय परिवारों की आजीविका को भारी वित्तीय नुकसान हुआ है। इसके अलावा, निवासियों को आवश्यक वस्तुओं के परिवहन, चिकित्सा आपातकाल, छात्रों की आवाजाही और अन्य दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इस मामले को लेकर स्थानीय जनता और ज़ुमसा के प्रतिनिधियों ने जल्द ही मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से मिलने का प्रस्ताव रखा है, ताकि सरकार को मौजूदा कठिनाइयों और सार्वजनिक शिकायतों से अवगत कराया जा सके। बैठक के बाद एसपी ने चुंगथांग के रंगमा रेंज, 86 आरसीसी के ओसी हेमंत शर्मा से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और खराब मौसम के बावजूद बहाली का काम निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जा रहा है। उन्होंने आगे आश्वासन दिया कि तारम चू मार्ग पर वाहनों की आवाजाही जल्द से जल्द शुरू करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।