Breaking News in Hindi

नीट पर कार्रवाई को जायज ठहराया था निर्मला सीतारमण ने

नीट पेपर लीक पर वित्त मंत्री के बयान से भड़के लोग

  • उन्होंने सब कुछ को ठीक बताया

  • कई स्तरों पर इसका विरोध शुरू

  • कई नये कानून भी लाये जा रहे हैं

राष्ट्रीय खबर

नईदिल्लीः केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने नीट पेपर लीक विवाद पर केंद्र सरकार के रुख का बचाव करते हुए एक बयान दिया, जिससे नया विवाद खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस मामले में संलिप्त लोगों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की है और छात्रों के व्यापक हितों की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए हैं।

परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं को लेकर देशभर में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच बोलते हुए सीतारमण ने कहा कि यह मुद्दा बेहद संवेदनशील है क्योंकि यह लाखों युवा अभ्यर्थियों और उनके परिवारों के भविष्य से जुड़ा हुआ है। हालांकि, अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि पेपर लीक से प्रभावित कई युवाओं ने इसे एक चुनौती के रूप में लिया और पुन: परीक्षा में पहले से भी बेहतर प्रदर्शन करके दिखाया। वित्त मंत्री ने कहा, कुछ युवाओं ने इसे एक चुनौती के रूप में देखा और और अधिक तैयारी की। उनके प्रदर्शन में सुधार हुआ और वे बेहतरीन अंकों के साथ सफल हुए। उनके इस बयान के बाद विवाद और गहरा गया है।

सरकार द्वारा की गई कार्रवाई का विवरण देते हुए वित्त मंत्री ने बताया कि आगे के उपायों की घोषणा करने से पहले ही पुलिस और प्रशासन ने पेपर लीक करने, खरीदने और बेचने के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस फैसले को रेखांकित किया जिसमें परीक्षा प्रणाली से खिलवाड़ करने वालों को जल्द से जल्द सजा दिलाने के लिए फास्ट-ट्रैक अदालतों के गठन का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस कदम से छात्रों और अभिभावकों में यह विश्वास जगा है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने तर्क दिया कि विपक्ष की आलोचना तब जायज होती जब सरकार चुप बैठती, लेकिन केंद्र ने त्वरित कदम उठाए हैं।

इसके साथ ही, निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस पर नीट विवाद का राजनीतिक लाभ उठाने और संसद में सार्थक चर्चा करने के बजाय कार्यवाही को बाधित करने का तीखा आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि सरकार इस संवेदनशील मुद्दे पर विस्तृत बहस के लिए पूरी तरह तैयार है और विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने को तत्पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जानबूझकर चर्चा से भाग रही है ताकि सरकार द्वारा उठाए गए कड़े कदमों की सच्चाई सामने न आ सके। उल्लेखनीय है कि नीट परीक्षा प्रक्रिया में हुई गड़बड़ियों के आरोपों के बाद से ही छात्र सड़कों पर हैं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।