Breaking News in Hindi

पेलेट गन के छर्रे के निशान भी दिखाये राहुल गांधी ने

घायल को बगल में खड़ा कर सरकार के झूठ को बेनकाब किया

  • छात्र की आंख में भी छर्रा है

  • लाइव प्रेस कांफ्रेंस में बयान दिया

  • शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर ऐसा हमला किया

राष्ट्रीय खबर

नईदिल्लीः लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार (24 जुलाई 2026) को केंद्र सरकार पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान पेलेट गन के इस्तेमाल को लेकर देश से झूठ बोलने का गंभीर आरोप लगाया। इससे पहले उन्होंने साहिल लाचोब नामक छात्र से मुलाकात की, जो 20 जुलाई को प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा बलों की कार्रवाई में पेलेट गन के छर्रे लगने से घायल हो गया था।

राहुल गांधी ने 10 जनपथ (कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी का आधिकारिक आवास) में साहिल से मुलाकात के बाद युवाओं से सीधा संवाद साधने के लिए इंस्टाग्राम लाइव के जरिए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। साहिल के साथ मीडिया के सामने खड़े होकर राहुल गांधी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर तीखा हमला बोला और उन्हें भारत की शिक्षा प्रणाली के पतन का प्रतीक बताते हुए तुरंत पद से हटाने की मांग की।

पेलेट गन के कथित इस्तेमाल को लेकर राजनीतिक घमासान अब बेहद तेज हो गया है। जहां एक तरफ दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पेलेट गन के इस्तेमाल से साफ इनकार किया है, वहीं दूसरी तरफ मौके पर तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और उसकी रैपिड एक्शन फोर्स ने इन रिपोर्टों की सत्यापन और जांच करने की बात कही है। राहुल गांधी ने सरकार के दावों को खारिज करते हुए कहा कि जब उनका यह साथी हाथ में तिरंगा लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहा था, तब उस पर पेलेट गन चलाई गई थी और सरकार सच छिपाने की कोशिश कर रही है।