Breaking News in Hindi
ब्रेकिंग
T20 World Cup 2026: टीम इंडिया के अभियान से पहले नीदरलैंड्स का धमाका, नामीबिया को हराकर पाकिस्तान को... Box Office Clash: आमिर खान-सनी देओल की फिल्म से भिड़ेंगे सलमान खान? 'बैटल ऑफ गलवान' पर अपूर्व लाखिया... NATO Restructuring: बदलने जा रहा है नेटो का ढांचा! अमेरिका के बाद अब इटली और ब्रिटेन बनेंगे नए 'पावर... Dates Production: खजूर के कारोबार में खाड़ी देशों को पछाड़ रहा ये छोटा मुल्क; एक्सपोर्ट में बनाया नय... PM Kisan 22nd Installment: इस दिन आएगी पीएम किसान की 22वीं किस्त! लेकिन इन किसानों को नहीं मिलेंगे 2... Valentine's Day Scam: वैलेंटाइन डे पर प्यार के नाम पर 'लूट'! इन 3 ऑनलाइन स्कैम से रहें सावधान, खाली ... Mahabharata Mystery: शकुनि नहीं, बल्कि ये पात्र था महाभारत का असली खलनायक! भगवान कृष्ण ने भी किया था... Glowing Skin Tips: चेहरे पर आएगा कुदरती नूर! ये 5 चीजें अपनाएं, बिना मेकअप भी फोटो में दिखेंगी कमाल Sunetra Pawar Cabinet Meeting: सुनेत्रा पवार की पहली कैबिनेट बैठक, अजित दादा के 3 बड़े सपनों को दी म... Raja Bhaiya Shastra Puja: मां शारदा के गर्भगृह में राजा भैया ने की शस्त्र पूजा; मैहर से वीडियो वायरल...

तांत्रिक का ‘धनवर्षा’ झांसा: महिला ने एकादशी को बताई शुभ, ‘नींबू-सिंदूर’ मांगकर युवक को लूटा, जानिए कैसे हुआ पूरा स्कैम?

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में महाराष्ट्र की एक महिला तांत्रिक ने पैसे 100 गुना करने का झांसा देकर एक युवक के साथ ठगी की वारदात को अंजाम दिया. उसने दावा किया कि वह तंत्र-मंत्र विधि से उसके 11 लाख को 11 करोड़ में बदल सकती है. यह घटना पुलगांव थाना क्षेत्र की है. पुलिस ने आरोपी महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.

पीड़ित रामकुमार जायसवाल पेशे से ड्राइवर है और पिछले कुछ समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहा था. जल्दी अमीर बनने की चाह में उसने अपने दोस्त राजू से मदद मांगी. राजू ने महाराष्ट्र निवासी महिला तांत्रिक मंदा पासवान और उसके साथी छोटू का नंबर दिया. उसने रामकुमार को भरोसा दिलाया कि ये लोग तंत्र-मंत्र से पैसा कई गुना बढ़ा देते हैं.

11 लाख रुपये को 11 करोड़ में बदलने का झांसा

इसके बाद मंदा पासवान ने रामकुमार से संपर्क किया और कहा कि वह उसके 11 लाख रुपये को 11 करोड़ में बदल सकती है. डील होने के बाद महिला ने एकादशी के दिन दुर्ग आने का वादा किया. 1 नवंबर की शाम मंदा पासवान अपने दो साथियों अमरदीप प्रहलाद दामोदर और संजय विलास जमुना के साथ अर्टिगा कार से दुर्ग पहुंची. उसने रामकुमार को कॉल कर बस स्टैंड बुलाया. वहां मिलने के बाद रामकुमार उन्हें अपने मालिक के खाली ट्रेनिंग सेंटर में ले गया, जहां महिला ने पूजा करने की बात कही.

पूजा के नाम पर आरोपियों ने युवक से पूजा का सामान, मटका, चावल, आटा, सिंदूर और नींबू मंगवाया. उन्होंने कहा कि अगर सारे सामान पूरे होंगे और एक लाख रुपये सामने रखे जाएंगे, तभी चमत्कार होगा. रामकुमार ने भरोसा करते हुए 1 लाख रुपये कैश उनके सामने रख दिए. महिला तांत्रिक ने दावा किया कि ये पैसे 100 गुना बढ़ जाएंगे. उसने युवक को नींबू और सिंदूर लाने के लिए बाहर भेजा. जब वह वापस लौटा, तब तक तीनों आरोपी पैसे लेकर फरार हो चुके थे.

पुलिस ने तीनों आरोपियों को किया अरेस्ट

पीड़ित ने तत्काल पुलगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की कार शिवनाथ नदी पुल के पास रोकी. वहां से तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया. उनके पास से 1 लाख रुपये कैश, 7 मोबाइल फोन और अर्टिगा कार बरामद की गई.

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी महिला मंदा पासवान उर्फ मंदा थमके उर्फ मंदा वाघमारे (42), अमरदीप दामोदर (34) और संजय जमुना (28) सभी महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के रहने वाले हैं. यह गिरोह लंबे समय से राज्य बदल-बदलकर भोले-भाले लोगों को तंत्र-मंत्र और चमत्कारी पूजा का झांसा देकर ठग रहा था. मुख्य आरोपी मंदा पासवान पहले भी डकैती और ठगी के मामलों में जेल जा चुकी है और फिलहाल जमानत पर बाहर थी. पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.