नंदीग्राम के कांग्रेस प्रत्याशी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया
प्रत्याशी की घोषणा के तुरंत बाद कार्रवाई
वर्ष 2007 के पुराने मामले में गिरफ्तारी
लोकतंत्र को जबरन कब्जाने की साजिश है
राष्ट्रीय खबर
नईदिल्लीः कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से ठीक पहले पार्टी उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ्तारी को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने वर्ष 2007 के भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन से जुड़े एक पुराने मामले में मिलन प्रधान की गिरफ्तारी को राजनीतिक बदला और लोकतंत्र की हत्या करार दिया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि नंदीग्राम उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार की यह गिरफ्तारी कोई इत्तेफाक नहीं है, बल्कि यह लोकतंत्र का गला घोंटने जैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों में कोई भरोसा नहीं है और वह सत्ता में बने रहने के लिए संस्थागत दुरुपयोग, वोट की चोरी और विपक्षी दलों को तोड़ने जैसे हथकंडों का इस्तेमाल कर रही है। राहुल गांधी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस पार्टी न तो कभी डरेगी और न ही झुकेगी, बल्कि वह इस अन्याय के खिलाफ मजबूती से लड़ेगी और जीतेगी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी इस गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करते हुए इसे वोट चोरी और चुनाव चोरी का एक खुला और शर्मनाक प्रयास बताया। खड़गे ने आरोप लगाया कि भाजपा एक उपचुनाव में भी विपक्षी उम्मीदवार को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय और राज्य की एजेंसियों का खुलेआम दुरुपयोग कर रही है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री भारत को लोकतंत्र की जननी बताते हैं, वहीं दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल में भाजपा द्वारा जो कुछ किया जा रहा है, वह असल में लोकतंत्र की हत्या है। कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने इस कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि 19 साल पुराने एक निष्क्रिय और ठंडे पड़े मामले को अचानक बाहर निकालकर कांग्रेस उम्मीदवार को गिरफ्तार करना यह साबित करता है कि भाजपा लोकतंत्र को हाईजैक करने के लिए किसी भी हद तक गिर सकती है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र वेंटिलेटर पर है और यह विपक्षी मुक्त भारत बनाने का भाजपा का एक और कुत्सित प्रयास है। कांग्रेस नेताओं ने दो टूक कहा कि इस प्रकार की ओछी धमकियां और सत्ता का दुरुपयोग कांग्रेस को झुका नहीं पाएगा और पार्टी इन ताकतों का डटकर मुकाबला करेगी।