एफ 16 लड़ाकू विमान का पायलट बाहर निकला
मिशिगनः टेक्सास स्थित अमेरिकी सेना का एक एफ-16 लड़ाकू विमान गुरुवार को मिशिगन में एक प्रशिक्षण मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, हालांकि पायलट सुरक्षित रूप से इजेक्ट (बाहर निकलने में) होने में कामयाब रहा। संबंधित इकाई ने अपने फेसबुक पेज पर एक बयान में कहा, 149वें फाइटर विंग से जुड़ा टेक्सास एयर नेशनल गार्ड का एक एफ-16 फाइटिंग फाल्कन… ट्रैवर्स सिटी के पास एक नियमित प्रशिक्षण मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बयान में आगे कहा गया, पायलट विमान से सफलतापूर्वक बाहर निकल गया। इस घटना की जांच की जा रही है, हालांकि इसमें कोई अन्य विवरण नहीं दिया गया।
मिशिगन में ग्रैंड ट्रैवर्स काउंटी इमरजेंसी मैनेजमेंट ने फेसबुक पर जानकारी दी कि विमान दुर्घटना के कारण निकासी आदेश (इवेक्यूएशन ऑर्डर) लागू कर दिया गया है। इसके अलावा, इस उत्तरी राज्य के दो अमेरिकी सीनेटरों में से एक, गैरी पीटर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वे ट्रैवर्स सिटी के पास विमान दुर्घटना से अवगत हैं और इस घटना पर अधिक जानकारी जुटाने के साथ-साथ स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं।