लगातार आ रही परेशानियों की वजह से नासा का कड़ा फैसला
अचानक कक्षा से नीचे गिरने लगा था
सुधारने के कई प्रयास भी किये गये
अब अभियान को बंद करने का एलान
न्यूयार्कः अन्तरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा को एक बड़ा झटका लगा है, क्योंकि उसने अपने ऐतिहासिक नील गेहरेल्स स्विफ्ट ऑब्जर्वेटरी अंतरिक्ष टेलीस्कोप को बचाने के 30 मिलियन डॉलर के निजी बचाव अभियान को आधिकारिक रूप से बंद करने की घोषणा कर दी है।
इस मिशन के तहत कैटलिस्ट स्पेस टेक्नोलॉजीज नामक निजी स्टार्टअप द्वारा लिंक नामक एक विशेष रोबोटिक सर्विसिंग अंतरिक्ष यान विकसित किया गया था, जिसे अंतरिक्ष में डॉक करके इस बूस्ट मिशन को अंजाम देना था। हालांकि, लॉन्च के बाद इस अंतरिक्ष यान को गंभीर विद्युत और तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ा, जिसके कारण ओरिएंटेशन और एटीट्यूड कंट्रोल प्रणालियों में खराबी आ गई और यह अंतरिक्ष यान अनियंत्रित रूप से घूमने लगा।
यद्यपि इंजीनियरों ने घूर्णन को नियंत्रित करने के लिए वैकल्पिक सॉफ्टवेयर अपडेट और थ्रस्टर का उपयोग करके स्थिति सुधारने के भरसक प्रयास किए, लेकिन निरंतर नियंत्रण समस्याओं के चलते अंततः अंतरिक्ष यान को कैप्चर करके ऊपर उठाने के मूल उद्देश्य को त्यागना पड़ा। वर्ष 2004 में लॉन्च किया गया यह टेलीस्कोप पिछले दो दशकों से अधिक समय से ब्रह्मांड में गामा-रे विस्फोटों का अध्ययन कर रहा है।
हाल ही में सौर गतिविधियों में तीव्र वृद्धि के कारण पृथ्वी के ऊपरी वायुमंडल के विस्तार और वायुमंडलीय खिंचाव में हुई भारी बढ़ोतरी के चलते इस उपग्रह की कक्षा तेजी से नीचे गिर रही थी। बिना किसी स्व-प्रणोदन प्रणाली वाले इस टेलीस्कोप के अब इस वर्ष के अंत तक पृथ्वी के वायुमंडल में अनियंत्रित रूप से प्रवेश कर नष्ट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मूल बचाव और बूस्ट अभियान रद्द कर दिया गया है, फिर भी नासा और कैटलिस्ट स्पेस इस यान का उपयोग भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों के लिए महत्वपूर्ण तकनीकी डेटा जुटाने और प्रोक्सिमिटी टेस्ट करने के लिए करेंगे।