Breaking News in Hindi

पाकिस्तान की राजधानी में अब वाकये से आतंकी परेशान

लश्कर ए तैयबा का कमांडर खाना खाकर मर गया

मरने वाले के नाम कारी सईद अब्दुल अजीज

अनजाने रेस्तरां में खाने के बाद ही मर गया

मस्जिद के गेट पर ही बेहोश हुआ और मरा

राष्ट्रीय खबर

श्रीनगरः पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद की एक मस्जिद में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के एक वरिष्ठ कमांडर का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से हड़कंप मच गया है। इस घटना ने एक बार फिर खुफिया एजेंसियों और आतंकी संगठनों के बीच चल रही गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज कर दी है।

मृतक कमांडर की पहचान कारी सईद अब्दुल अजीज के रूप में हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कारी सईद ने इस्लामाबाद की कुबा मस्जिद में नमाज पढ़ने जाने से पहले किसी अनजान रेस्टोरेंट में खाना खाया था। इसके तुरंत बाद, वह मस्जिद के गेट पर अचानक अचेत होकर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। उनकी मौत का सटीक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन इस अचानक हुई मौत को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

कारी सईद अब्दुल अजीज लश्कर-ए-तैयबा के उस विभाग का प्रभारी था, जो जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए आतंकवादियों के परिवारों को वित्तीय और अन्य सहायता प्रदान करता था।

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब कुछ दिन पहले ही लश्कर के एक शीर्ष गुर्गे रिजवान हानिफ ने सार्वजनिक रूप से दावा किया था कि पिछले तीन-चार वर्षों में पाकिस्तान के विभिन्न हिस्सों में अज्ञात हमलावरों द्वारा उसके संगठन के लगभग 30 सदस्यों को मौत के घाट उतारा जा चुका है। 2008 के मुंबई हमलों के लिए जिम्मेदार इस प्रतिबंधित संगठन के किसी सदस्य द्वारा इस तरह की बात खुले तौर पर स्वीकार करने का यह पहला मामला था। पेशावर, कराची, रावलपिंडी और मुजफ्फराबाद जैसे इलाकों में कई लश्कर आतंकी रहस्यमय परिस्थितियों में मारे जा चुके हैं।