क्वालालांपुर से आ रहे यात्री विमान का बड़ा हादसा टला
कोलकाताः क्वालालंपुर से 159 यात्रियों को लेकर आ रही मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान एमएच-184 को कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान गंभीर बाधा का सामना करना पड़ा, जब एक तेज लेजर बीम ने पायलट का ध्यान भटका दिया। हवाई अड्डा सूत्रों के अनुसार यह घटना शनिवार रात की है।
यह विमान रात 11:20 बजे उतरने वाला था, लेकिन जब विमान रनवे से लगभग आठ समुद्री मील की दूरी पर था, तब पायलट ने मध्यमग्राम-बारसात की तरफ से कॉकपिट की ओर चमकती हुई एक तेज लेजर बीम को देखा। अचानक पड़े लेजर के इस फ्लैश से पायलट की दृष्टि प्रभावित हुई और वह क्षणिक रूप से भ्रमित हो गया, जिसके कारण विमान निर्धारित समय पर लैंड नहीं कर सका और दोबारा एप्रोच करने से पहले उसे हवा में ही चक्कर काटने पड़े।
घटना के बाद विमान सुरक्षित रूप से रात करीब 11:25 बजे लैंड हुआ और सभी यात्री तथा क्रू मेंबर सुरक्षित बताए गए। कोलकाता हवाई अड्डा प्राधिकरण ने इस मामले की शिकायत एनएससीबीआई एयरपोर्ट थाने में दर्ज कराई है। हवाई अड्डे के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि हवाई अड्डे के आसपास लेजर लाइटों का उपयोग प्रतिबंधित है, लेकिन इस तरह की घटनाएं कभी-कभार उड़ान संचालन को प्रभावित कर सकती हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।