Breaking News in Hindi

असम में 25 करोड़ रुपये के फर्जी आईटीसी रैकेट का भंडाफोड़

जांच के बाद सिलीगुड़ी में एक महिला गिरफ्तार

  • अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजा गया

  • बाढ़ पीड़ितों की मदद में सीएम हिमंता की पहल

  • मणिपुर में पांच उग्रवादी और दो तस्कर गिरफ्तार

भूपेन गोस्वामी

गुवाहाटी: असम राज्य जीएसटी विभाग को संगठित वित्तीय अपराधों के खिलाफ एक बड़ी सफलता मिली है। असम के बक्सा जिले (बारामा) की निवासी और बेंगलुरु से एमबीए पास तृष्णा बर्मन को सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल) के एक होटल से गिरफ्तार किया गया है। तृष्णा पर 25 करोड़ रुपये के फर्जी टैक्स बिल बनाने और अवैध रूप से इनपुट टैक्स क्रेडिट  का लेन-देन करने के लिए फर्जी फर्मों का नेटवर्क चलाने का आरोप है।

अधिकारी मनोज कुमार डोवारी के नेतृत्व में जीएसटी अधिकारियों और असम पुलिस के विशेष कार्य बल ने तीन दिनों के संयुक्त तलाशी अभियान के बाद उसे पकड़ा। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रही थी। यह असम जीएसटी विभाग द्वारा राज्य के बाहर की गई पहली गिरफ्तारी है।

पश्चिम बंगाल की अदालत से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के बाद, कामरूप (गुवाहाटी) की मुख्य न्यायिक अदालत ने तृष्णा बर्मन को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में उसका भाई सुरजीत बर्मन और कई अन्य सहयोगी भी शामिल हैं, जो फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

इधर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने घोषणा की है कि राज्य में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए असम राज्य भाजपा कार्यकर्ता 12 करोड़ रुपये का फंड जुटाएंगे। इस राशि से बाढ़ प्रभावित 2 लाख महिलाओं को मेखेला-चादर और 2 लाख बच्चों को कपड़े बांटे जाएंगे। सीएम सरमा ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि जो 2,000 रुपये से कम दान करना चाहते हैं, वे अपने स्थानीय विधायकों को दें और इससे अधिक की राशि पार्टी के अधिकृत बैंक खाते में चेक के जरिए जमा करें। इसके अलावा, कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने शहीदों और विशेष रूप से असम के शहीद कैप्टन जिंटू गोगोई को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

मणिपुर में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए अलग-अलग अभियानों के तहत विभिन्न प्रतिबंधित विद्रोही संगठनों से जुड़े 5 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और दो ड्रग तस्करों को भी पकड़ा गया है।