Breaking News in Hindi

जंतर मंतर के आंदोलन को मिला ढेर सारा समर्थन

राकेश टिकैत भी समर्थकों को साथ पहुंचे

राष्ट्रीय खबर

नई दिल्ली: केंद्र सरकार की नीतियों और मुख्य रूप से नीट परीक्षा विवाद को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे जलवायु कार्यकर्ता और शिक्षाविद सोनम वांगचुक के आंदोलन ने गुरुवार को एक नया और बेहद आक्रामक मोड़ ले लिया। इस विरोध प्रदर्शन को उस समय भारी बल मिला जब प्रसिद्ध किसान नेता राकेश टिकैट लगभग 500 किसानों के काफिले के साथ नई दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचे। किसानों की इस भागीदारी ने केंद्र सरकार के खिलाफ चल रहे आंदोलन को और अधिक मजबूत कर दिया है। प्रदर्शनकारियों का गुस्सा विशेष रूप से नीट परीक्षा में हुई धांधलियों और पेपर लीक मामले को लेकर है, जिसके चलते केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग लगातार जोर पकड़ रही है।

इस आंदोलन को गुरुवार को कई प्रमुख विपक्षी नेताओं और राजनीतिक दलों का भी खुला समर्थन प्राप्त हुआ। कई हफ्तों की चुप्पी के बाद, देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने इस मामले में अपना पहला आधिकारिक हस्तक्षेप किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने सोनम वांगचुक से संपर्क साधा और उनके अनिश्चितकालीन उपवास को समाप्त करने का आग्रह किया। इसके साथ ही पार्टी ने वांगचुक को आश्वस्त किया कि वे शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को संसद से लेकर सड़क तक जारी रखेंगे।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को दोहराते हुए एक कदम आगे बढ़कर सोनम वांगचुक को देश का अगला शिक्षा मंत्री बनाने का प्रस्ताव रख दिया। केजरीवाल ने परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कहा. देश में लगातार, दिन-ब-दिन परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं। प्रश्नपत्रों में गंभीर अनियमितताएं हैं और मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी तरह त्रुटिपूर्ण है। जब नीट का पेपर लीक हुआ, तो निराशा में आकर 20 छात्रों ने आत्महत्या कर ली, फिर भी सरकार ने देश को यह भरोसा दिलाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होंगी। इससे पहले दिन में, समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद डिंपल यादव ने भी जंतर-मंतर का दौरा किया और सोनम वांगचुक के मंच पर जाकर उनके इस आंदोलन को अपनी पार्टी की ओर से पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की।