Breaking News in Hindi

नेपाल में राहतकर्मियों को लगातार दूसरी बार सफलता मिली

ग्यारह दिनों के बाद चीनी नागरिक को बचाया

काफी गहराई में फंसे थे वह

दो अन्य लोग भी निकाले गये

45 दिन का बच्चा जीवित मिला

काठमांडूः नेपाल के बाढ़ प्रभावित रसुवा जिले में भीषण बाढ़ की चपेट में आई एक जलविद्युत परियोजना की सुरंग से शनिवार को 11 दिनों के बाद एक चीनी नागरिक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लूहाइताओ नामक इस व्यक्ति को बाढ़ प्रभावित अपर त्रिशूली 1 जलविद्युत परियोजना की ऑडिट टनल 4 के अंदर फंसा हुआ पाया गया था। शनिवार को बचाव अभियान के बाद नेपाली सेना ने बताया, नेपाली सेना और विदेशी बचावकर्मियों की एक संयुक्त टीम ने अपर त्रिशूली-1 जलविद्युत परियोजना की सुरंग के अंदर से चीनी नागरिक लूहाइताओ को जीवित बचा लिया है।

उन्हें शनिवार दोपहर 1:30 बजे नुवाकोट जिले स्थित स्थल पर सुरंग के लगभग 225 मीटर अंदर से निकाला गया। वर्तमान में उनके स्वास्थ्य का परीक्षण किया जा रहा है, जबकि खोज और बचाव अभियान अभी भी जारी है। इस ताज़ा बचाव के साथ ही त्रिशूली जलविद्युत परियोजना से जीवित निकाले गए श्रमिकों की कुल संख्या तीन हो गई है। इससे पहले शुक्रवार को त्रिशूली 3ए जलविद्युत संयंत्र की सुरंग से दो नेपाली श्रमिकों को बचाया गया था।

नेपाल सेना के जनसंपर्क निदेशालय के अनुसार, इनकी पहचान 45 वर्षीय कबीर महर्जन (मैकेनिकल सुपरवाइजर) और 30 वर्षीय संजय शाह (फोरमैन) के रूप में हुई है। नेपाल सेना के नेतृत्व में सुरक्षा कमान विशेष उपकरणों का उपयोग करके खोज और बचाव कार्य में जुटी हुई है।

अगस्त 2026 के अंत में तिब्बत की ओर से भोटे कोशी नदी में आए उफान के कारण अचानक आई विनाशकारी बाढ़ के बाद नेपाली सेना ने रसुवा-धुंगे शिविर से बड़े पैमाने पर बचाव और राहत अभियान चलाया है। रसुवा के बाढ़ प्रभावित इलाके में फ्लैश फ्लड के सात दिन बाद डेढ़ महीने के एक मासूम बच्चे को सुरक्षित बचाकर रसुवा धुंगे शिविर लाया गया। बचावकर्मियों को यह शिशु 1 सितंबर को मिला था। सेना ने रसुवा में बाढ़ प्रभावित बस्तियों तक राहत सामग्री पहुंचाना भी शुरू कर दिया है और लोगों को एयरलिफ्ट भी किया जा रहा है।