Breaking News in Hindi

शिक्षक दिवस के मौके पर कर्नाटक में शिक्षकों को नया तोहफा

अब शिक्षक भी लगायेंगे टीआर उपसर्गः शिवकुमार

शिक्षकों को सम्मान दिलाना मकसद है

ऐसा करना समाज की जिम्मेदारी भी है

डॉ और प्रो. के जैसा ही लगाया जाएगा

राष्ट्रीय खबर

बेंगलुरुः  कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने कहा कि सरकार ने व्यावसायिक मान्यता के रूप में स्कूल शिक्षकों को अपने नाम के आगे टीआर(टीचर) उपसर्ग लगाने की अनुमति देने का निर्णय लिया है। भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती यानी शिक्षक दिवस के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद शिवकुमार ने कहा कि इस फैसले का उद्देश्य शिक्षकों को अन्य पेशों से जुड़े लोगों की तरह ही सम्मान और पहचान देना है। उन्होंने बताया कि कैबिनेट की बैठक में यह फैसला लिया गया और कर्नाटक में 4.5 लाख से अधिक शिक्षक हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण और लोगों का मार्गदर्शन करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हमारे समाज में दो तरह के लोगों को ईश्वर का दर्जा दिया जाता है— हमारे माता-पिता जो जीवन देते हैं, और शिक्षक जो जीवन में मार्गदर्शन करते हैं। शिक्षा के माध्यम से सेवा करना ईश्वर की सेवा है। इसलिए, हमने शिक्षकों को यह उपाधि देने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि शिक्षण एक ऐसा पेशा है जो बिना किसी स्वार्थ के समाज को सही दिशा दिखाने का काम करता है। उन्होंने कहा, सैनिक, मजदूर, शिक्षक और किसान राष्ट्र के स्तंभ हैं। हमें उनका सम्मान करना चाहिए और यह सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है कि शिक्षकों को उचित सम्मान मिले। इसके अलावा, उन्होंने जानकारी दी कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को 7.5 प्रतिशत आरक्षण देने की योजना बना रही है, जिसका विवरण आने वाले दिनों में घोषित किया जाएगा। शिवकुमार ने कहा, राजाओं का युग समाप्त हो चुका है और लोकतंत्र आ गया है। मुझे भूमि का शासक कहने के बजाय यदि आप प्रजासेवक कहें, तो मुझे अत्यंत प्रसन्नता होगी।