Breaking News in Hindi

शशि थरूर के काफिले पर हमला, सुरक्षाकर्मी घायल

केरल में कांग्रेस के स्टार प्रचारक को रोकने की साजिश

  • आठ लोग अचानक रास्ते पर आ गये

  • पुलिस का इंकार पर दो लोग गिरफ्तार

  • चुनाव प्रचार कार्यक्रम में भाग लिया

राष्ट्रीय खबर

तिरुअनंतपुरमः केरल के मलप्पुरम जिले में शुक्रवार को कांग्रेस सांसद शशि थरूर के काफिले को कुछ अज्ञात लोगों द्वारा रोके जाने और उनके सुरक्षा दल के एक सदस्य के साथ हाथापाई करने का मामला सामने आया है। यह घटना तब हुई जब थरूर यूडीएफ उम्मीदवार एपी अनिलकुमार के समर्थन में चुनाव प्रचार करने के लिए वंडूर जा रहे थे।

थरूर की टीम के अनुसार, वे दो वाहनों में यात्रा कर रहे थे, तभी लगभग आठ लोगों ने उनके वाहन को बीच रास्ते में रोक लिया। इन लोगों ने गाड़ी को आगे नहीं बढ़ने दिया। जब थरूर की सुरक्षा टीम का एक सदस्य स्थिति को संभालने के लिए नीचे उतरा, तो उन लोगों ने उस पर हमला कर दिया। स्थानीय पुलिस ने हालांकि इस घटना में किसी राजनीतिक साजिश से इनकार किया है, लेकिन मामला दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।

शशि थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने शुभचिंतकों को धन्यवाद देते हुए बताया कि वे सुरक्षित हैं। उन्होंने लिखा, मेरा स्टाफ सदस्य ठीक है और मुझे खरोंच तक नहीं आई। हम बिना डरे अपने मार्ग पर आगे बढ़े और योजना के अनुसार अपने चुनावी कार्यक्रमों को संपन्न किया।

वंडूर में प्रचार के दौरान थरूर ने भरोसा जताया कि केरल विधानसभा चुनाव में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा बहुमत हासिल करेगा। गौरतलब है कि केरल में 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होना है और परिणाम 4 मई को आएंगे। मुख्यमंत्री के चेहरे के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका निर्णय कांग्रेस आलाकमान नवनिर्वाचित विधायकों की राय जानकर करेगा।

तिरुवनंतपुरम से चौथी बार के सांसद थरूर ने जोर देकर कहा कि उनकी पार्टी का मुख्य एजेंडा विकास और रोजगार सृजन है। उन्होंने कहा, हमारे लोग अवसरों की कमी के कारण राज्य छोड़ रहे हैं। हमें केरल में ही रोजगार पैदा करने होंगे। इस दौरान थरूर ने विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 की भी तीखी आलोचना की। उन्होंने इसे एक भयानक कानून बताते हुए कहा कि सरकार को चर्च समूहों द्वारा संचालित स्कूलों, अस्पतालों और अनाथालयों को जब्त करने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने इस विधेयक को आगे की समीक्षा के लिए स्थायी समिति के पास भेजने की मांग की।