चिकेनस नेक (सिलीगुड़ी कॉरिडोर) की सुरक्षा में सेंध
हासीमारा का एक जवान गिरफ्तार हुआ
पंजाब की महिला के हनी ट्रेप में था
कई बार चीनी जासूस भी पकड़े गये
राष्ट्रीय खबर
सिलिगुड़ीः पर्यटक के भेष में चिकेंस नेक (सिलीगुड़ी कॉरिडोर) पर चीनी जासूसों द्वारा निगरानी रखने की कोशिश का मामला सामने आया है। आशंका जताई जा रही है कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई और बांग्लादेशी उग्रवादी संगठन इस रणनीतिक गलियारे को अस्थिर करने के लिए स्लीपर सेल तैनात करने की कोशिश कर रहे हैं।
यहाँ तक कि चिकेंस नेक के त्रि-स्तरीय सुरक्षा ग्रिड को तोड़ने के लिए भारतीय सेना में भी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी द्वारा हनीट्रैप का इस्तेमाल किए जाने का दावा किया गया है। एक तरफ जहां हनीट्रैप में फंसकर देश की सेना की गुप्त जानकारियां पाकिस्तान को भेजने के गंभीर आरोप में हासीमारा वायु सेना छावनी से एक भारतीय जवान को गिरफ्तार किया गया है, वहीं दूसरी तरफ नेपाल सीमा पार कर बिना अनुमति के भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा एक चीनी नागरिक भी पकड़ा गया है। इन दोनों घटनाओं ने सेना के अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है।
हासीमारा वायु सेना छावनी से गिरफ्तार किए गए सेना के जवान का नाम राजबीर सिंह है और वह पंजाब का रहने वाला है। खुफिया एजेंसियों के हाथ लगे चौंकाने वाले तथ्यों के मुताबिक, राजबीर हासीमारा से वायु सेना से जुड़ी विभिन्न जानकारियां पंजाब में बैठी एक सुंदर महिला को भेजता था। दावा किया जा रहा है कि वह महिला एक पाकिस्तानी जासूस थी, जो राजबीर की भेजी गई तस्वीरें, सूचनाएं और मैप आईएसआई को सप्लाई करती थी। पंजाब के फाजिल्का से उस महिला की गिरफ्तारी के बाद प्रेम जाल में फंसकर देशद्रोह के कृत्यों में लिप्त राजबीर सिंह का नाम सामने आया।
केंद्रीय एजेंसियों का मानना है कि चिकेंस नेक के हवाई क्षेत्र के उल्लंघन के प्रयासों को विफल करने के लिए भारतीय वायु सेना द्वारा की गई अचूक सुरक्षा व्यवस्था ने न सिर्फ पाकिस्तान बल्कि चीन की भी नींद उड़ा दी है। हवाई सुरक्षा के लिए इजरायली अत्याधुनिक एयरोस्टेट रडार तकनीक और एस-400 डिफेंस सिस्टम को जोड़ा गया है। इसके अलावा, तीन-स्तरीय विशेष सुरक्षा घेरा और सीमावर्ती क्षेत्रों में अत्याधुनिक इन्फ्रारेड अलार्म व गेट मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर लगाए गए हैं। चीन और पाकिस्तान इस त्रि-स्तरीय सुरक्षा ग्रिड को भेदने के लिए अब सेना के जवानों को अपने जाल में फंसाने की रणनीति अपना रहे हैं।
दूसरी घटना में, यूहास लियू नामक एक चीनी नागरिक पर पर्यटक के भेष में नेपाल के रास्ते चुपचाप भारत में प्रवेश कर जासूसी गतिविधियां चलाने का आरोप है। इससे पहले भी रक्सौल और जोगबनी सीमाओं से भारतीय सुरक्षा कर्मियों ने कई चीनी नागरिकों को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया है। ये लोग होटल, लॉज या होम-स्टे को अपना ठिकाना बना रहे हैं।