तकनीकी दुनिया के बादशाह ने एक और कमाल किया है
यह ए आई से भी लैश उपकरण है
अपना रास्ता खुद तय कर लेती है
बीजी-5 गोल्डन ड्रैगन फिश नाम
बीजिंगः चीन ने अपनी नौसैनिक, सामरिक और खुफिया क्षमताओं को अभूतपूर्व ऊंचाइयां देने के लिए एक अत्याधुनिक और अनूठी तकनीक दुनिया के सामने पेश की है। बीजिंग के शौगांग पार्क में आयोजित चीन अंतरराष्ट्रीय सेवा व्यापार मेले के दौरान चीनी वैज्ञानिकों और प्रौद्योगिकी कंपनियों ने पानी के भीतर चुपचाप निगरानी करने वाली रोबोट फिश का प्रदर्शन किया। बायोंगॉन्गदाओ मरीन टेक्नोलॉजी ग्रुप द्वारा विकसित इस कृत्रिम रोबोटिक मछली का डिजाइन मुख्य रूप से गोल्डन अरोवाना मछली से प्रेरित है और इसे बीजी-5 गोल्डन ड्रैगन फिश नाम दिया गया है।
पारंपरिक पनडुब्बियों या मानव रहित पानी के नीचे के वाहनों में आमतौर पर घूमने वाले प्रोपेलर या पंखे का इस्तेमाल होता है, जो पानी के भीतर एक विशेष प्रकार की आवाज और हलचल पैदा करते हैं। इसके विपरीत, यह रोबोटिक मछली अपने लचीले और बहु-जोड़ों वाले (मल्टी-जॉइंट) पूंछ के माध्यम से आगे बढ़ती है, जो बिल्कुल असली मछली की तरह पानी में तैरते समय लहर जैसी गति उत्पन्न करती है। इस रोबोट की लंबाई लगभग 640 मिलीमीटर, चौड़ाई 204 मिलीमीटर और वजन मात्र 3 किलोग्राम है।
इसकी सबसे बड़ी तकनीकी विशेषता इसकी कृत्रिम बुद्धिमत्ता और ऑटोनॉमस नेविगेशन प्रणाली है। इसमें पहले से कोई निश्चित मार्ग प्रोग्राम नहीं किया गया है, बल्कि इसके ऑनबोर्ड सेंसर्स आसपास की बाधाओं को खुद पहचानते हैं और वास्तविक समय के माहौल के अनुसार अपना रास्ता बदलने में पूरी तरह सक्षम हैं। इसके उन्नत संस्करण बीजी-5वी में पथ योजना, कार्य आवंटन और मल्टी-रोबोट सहयोग जैसी क्षमताएं भी जोड़ी गई हैं। उथले पानी और संवेदनशील तटीय क्षेत्रों में बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के सामरिक डेटा जुटाने और खुफिया टोह लेने के मामले में यह तकनीक चीन के लिए एक बड़ा सामरिक हथियार साबित हो सकती है।