Breaking News in Hindi

स्वदेशी बुलेट ट्रेन का काम प्रगति पर है

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने निर्माण कार्य पर संतोष जताया

बीईएमएल के कारखाना में निरीक्षण

खास गुणवत्ता के साथ निर्माण जारी

अत्यधिक तेज गति की ट्रेन होगी यह

राष्ट्रीय खबर

बेंगलुरुः भारत की पहली स्वदेशी हाई-स्पीड (बुलेट) ट्रेन के निर्माण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बेंगलुरु स्थित भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड संयंत्र का दौरा किया। रेल मंत्री ने परिसर में बन रही देश की पहली स्वदेशी बुलेट ट्रेन के डिब्बों, प्रोपल्शन सिस्टम और बोगी असेंबली के निर्माण कार्य का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की गति पर गहरा संतोष व्यक्त करते हुए इसे उत्कृष्ट प्रगति करार दिया।

निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बात करते हुए अश्विनी वैष्णव ने बताया कि भारत अब दुनिया के उन चुनिंदा देशों की कतार में खड़ा हो रहा है, जिनके पास अपनी खुद की हाई-स्पीड ट्रेन तकनीक और निर्माण क्षमता है। उन्होंने कहा कि बीईएमएल की टीम जिस विशेषज्ञता और गति के साथ इस परियोजना पर काम कर रही है, वह मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान की एक बहुत बड़ी सफलता है।

रेल मंत्री ने स्पष्ट किया कि 280 से 350 किलोमीटर प्रति घंटे की अत्यधिक गति से दौड़ने वाली इस ट्रेन के निर्माण में अंतरराष्ट्रीय स्तर के सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब कोई ट्रेन इतनी उच्च गति पर चलती है, तो डिब्बों के बाहर अत्यधिक हवा का दबाव और वैक्यूम बनता है। इस दबाव को सहन करने के लिए ट्रेन के कोचों का 1,500 किलोन्यूटन के भार पर स्क्वीज और प्रेशर टेस्ट किया जा रहा है।

इसके अलावा, ट्रेन के इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमैटिक डोर सिस्टम, एरोडायनामिक डिजाइन और प्रोपल्शन घटकों का भी आधुनिक फॉरेंसिक व मेकैनिकल मानकों पर परीक्षण किया जा रहा है।

बीईएमएल द्वारा निर्मित की जा रही यह स्वदेशी हाई-स्पीड ट्रेन मुख्य रूप से देश के महत्वाकांक्षी मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पर संचालित की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, इस ट्रेनसेट का पहला प्रोटोटाइप अगले वर्ष की शुरुआत तक बनकर तैयार हो जाएगा, जिसके बाद इसे पटरियों पर व्यापक ट्रायल रन के लिए उतारा जाएगा। रेल मंत्री के इस दौरे से परियोजना को नई ऊर्जा मिली है और देश में पहली बुलेट ट्रेन के परिचालन का सपना अब तेजी से साकार होता दिख रहा है।