Breaking News in Hindi

जनता के बीच से मोदी के समर्थन में जबर्दस्त नारेबाजी हुई

दो दिवसीय गुजरात दौरे के दौरान मोदी का रोडशो

विकास कार्यक्रमों का लोकार्पण किया

पीएम किसान योजना की किश्त जारी की

खुली जीप में इस रोड शो में भाग लिया

राष्ट्रीय खबर

अहमदाबादः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे के दौरान बनासकांठा जिले के भीलड़ी कस्बे में एक भव्य रोडशो आयोजित किया। वह राज्य में 14,000 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के उद्घाटन व शिलान्यास और पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त जारी करने पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी के साथ एक खुली जीप में यात्रा की और गांव के हेलीपैड से लेकर बनास डेयरी संयंत्र तक रोडशो किया। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। जनता ने पीएम मोदी के नाम के नारे लगाए और उनका अभिवादन किया।

सड़क किनारे खड़े लोगों ने तख्तियां ले रखी थीं, जिन पर लिखा था: जब तक भारत विकसित नहीं होगा, मोदी कहीं नहीं जाएगा, जब तक भारत आत्मनिर्भर नहीं होगा, तब तक मोदी कहीं नहीं जाएंगे और जब तक भारत दुनिया की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शामिल नहीं हो जाता, मोदी कहीं नहीं जाएंगे। यह राजनीतिक संदेश संभवतः कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की उस हालिया टिप्पणी का जवाब माना जा रहा है जिसमें उन्होंने कहा था कि मोदी के पिता को भी जाना पड़ेगा।

अपने गुजरात दौरे के दूसरे दिन शनिवार को पीएम मोदी केवड़िया के एकता नगर में आयोजित एकता परेड में शामिल होंगे तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे। शुक्रवार को जब प्रधानमंत्री बनासकांठा स्थित भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (बीबीबीआरसी) पशु फार्म में छात्रों के समूह से बातचीत और समूह तस्वीर खिंचवा रहे थे, तब वहां मोदी नहीं जाएंगे के नारे गूंज उठे। इसके जवाब में कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा, काश आपकी यह इच्छा पूरी हो! तंज कसते हुए कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, काश आपकी यह इच्छा पूरी हो! उन्होंने आगे हमला बोलते हुए कहा, अरे, फिलहाल तो साहब संसद भी नहीं जाएंगे। संसद का सत्र शुरू होने दीजिए, फिर आप देखिएगा कि देश और दुनिया से भागने की कैसी आपाधापी मचती है!