Breaking News in Hindi

राज्य सरकार पुलिस को हथियार बना रही हैः राहुल गांधी

बिहार में छात्र आंदोलन पर नेता प्रतिपक्ष ने फिर बयान दिया

यह जिम्मेदारी से बचने का तरीका है

पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प

मुख्यमंत्री आवास की तरफ जा रहे थे

राष्ट्रीय खबर

नईदिल्लीः लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने 26 अगस्त को बिहार की भाजपा-नीतीश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के प्रति अपनी जवाबदेही से बचने के लिए पुलिस का हथियार की तरह इस्तेमाल कर रही है।

पटना में छात्रों का प्रदर्शन: पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान से हजारों अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री आवास घेराव के लिए मार्च निकाला। बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित शिक्षक भर्ती परीक्षा को दो चरणों की बजाय एक ही चरण में कराने और पिछली संयुक्त प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं के विरोध में छात्र प्रदर्शन कर रहे थे। वामपंथी संगठनों के कार्यकर्ता भी इसमें शामिल हुए।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मुख्यमंत्री आवास जाने से रोका, जिसके बाद झड़प शुरू हो गई। छात्रों ने पथराव किया, जिसके जवाब में पुलिस ने वाटर कैनन (पानी की बौछार) और लाठीचार्ज का प्रयोग किया। प्रदर्शन के दौरान पटना के पुनाईचक निवासी 6 वर्षीय बालक आदित्य का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह सरकार के खिलाफ बयान दे रहा था। पुलिस उसे उठाकर थाने ले गई। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया कि बच्चे को उसकी सुरक्षा के लिए थाने लाया गया था और बाद में उसकी मां को सौंप दिया गया।

राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि भर्ती परीक्षाओं में धांधली क्यों हो रही है, पेपर लीक पर कार्रवाई क्यों नहीं होती और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कब तक चलेगा? राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सीवान में प्रदर्शनकारियों पर AK-47 से फायरिंग तक की गई। उन्होंने कहा कि सरकार लाठी-गोली से युवाओं की आवाज और उनके सवालों को नहीं दबा सकती।