Breaking News in Hindi
ब्रेकिंग
साइनायड युक्त टमाटर खाने से पंद्रह हाथियों की मौत पुलिस चौकी पर आक्रमण में पांच अफसरों की मौत लोकसभा के बाद अब राज्यसभा से भी पास हुआ 'एंटी पेपर लीक बिल', राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद बनेगा कानून जोशीमठ के किमाणा गांव में भू-धंसाव से हड़कंप! चंडिका माता मंदिर क्षतिग्रस्त, प्राथमिक विद्यालय और पं... दिल्ली सरकार की बड़ी पहल: 'विद्या वाहिनी' योजना के तहत 1.40 लाख छात्राओं को मिलेगी मुफ्त साइकिल! CM ... 'Idiots' और 'Andhbhakts' टिप्पणी पर घिरे राहुल गांधी: अनुराग ठाकुर ने विशेषाधिकार समिति को मामला भेज... हरियाणा मतदाता सूची पुनरीक्षण: 26.29 लाख वोटरों के रिकॉर्ड में मिलीं गड़बड़ियां, 33 लाख नाम ड्राफ्ट ... समालखा नगर परिषद में सियासी ड्रामे का पटाक्षेप! मनीषा कुहाड़ निर्विरोध बनीं वाइस चेयरपर्सन हरियाणा में JBT शिक्षकों की TGT पदोन्नति प्रक्रिया तेज! 13 अगस्त तक मांगे आवेदन, DEEO पर गाज की तैया... ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: 'गोल्डन बॉय' नीरज चोपड़ा का धमाकेदार प्रदर्शन, जैवलिन थ्रो के फाइनल मे...

बस चालक के घर नोटों का पहाड़ और पंद्रह किलो सोना

कोलकाता तक सूचना पहुंचने मचा है सियासी हड़कंप

रात को पुलिस ने अचानक छापा मारा

नोट रखने के लिए अलग ट्रंक मंगाये गये

इतना अधिक सोना देखकर सभी लोग हैरान

राष्ट्रीय खबर

कोलकाताः पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के मोहम्मद बाजार क्षेत्र से एक बार फिर करोड़ों रुपये की नकदी और भारी मात्रा में सोना बरामद होने की घटना ने पूरे राज्य में हड़कंप मचा दिया है। जिला प्रशासन से लेकर राज्य की राजनीति तक इस घटना को लेकर काफी गहमागहमी देखी जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहम्मद बाजार के देउचा इलाके में स्थित एक मकान में पुलिस द्वारा मंगलवार देर रात चलाए गए एक विशेष छापेमारी अभियान के दौरान यह भारी जब्ती की गई है।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की एक बड़ी टीम ने मंगलवार देर रात देउचा स्थित उक्त मकान की चारों तरफ से घेराबंदी की और अचानक दबिश दी। यह मकान ममीनार मंडल नाम के एक व्यक्ति का है, जो पेशे से एक सरकारी बस चालक है। इसके साथ ही वह तृणमूल कांग्रेस नेता अनुब्रत मंडल के करीबी माने जाने वाले पत्थर कारोबारी टुलू मंडल का नजदीकी रिश्तेदार भी बताया जा रहा है। तलाशी शुरू होते ही घर के अलग-अलग हिस्सों से नोटों की गड्डियों की ढेरियां और भारी मात्रा में सोने के आभूषण मिलने शुरू हो गए।

बरामद रकम इतनी अधिक थी कि पुलिस को नोटों की सही-सही गिनती करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। रुपयों की गिनती तेजी से और निष्पक्ष रूप से करने के लिए बैंक से कुल पांच नोट गिनने वाली मशीनें मंगवाई गईं। इसके अलावा, जब्त की गई भारी नकदी और सोने को सुरक्षित रूप से ले जाने के लिए पुलिस को बड़े-बड़े लोहे के ट्रंक मंगवाने पड़े। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, शाम तक लगभग 10 करोड़ रुपये गिने जा चुके थे और गिनती की प्रक्रिया अभी भी लगातार जारी है। ऐसे में अंतिम आंकड़ा आने पर बरामद रकम के और ज्यादा बढ़ने की पूरी संभावना है।

नकदी के साथ-साथ पुलिस को उस मकान से लगभग 15 किलोग्राम सोना भी बरामद हुआ है। एक साधारण सरकारी बस चालक के घर में इतनी बड़ी मात्रा में नकदी और सोना मिलने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ जांच एजेंसियां भी हैरान हैं। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि ममीनार केवल बस चलाने तक सीमित नहीं था, बल्कि वह टुलू मंडल की कई खदानों और अवैध पत्थर कारोबार से भी प्रत्यक्ष रूप से जुड़ा हुआ था। जांच एजेंसियां अब इस बात की गहराई से जांच कर रही हैं कि इस अकूत संपत्ति और नकदी का असली स्रोत क्या है तथा क्या इसमें कोई बड़ा अवैध वित्तीय लेन-देन या घोटाला शामिल है।

इस घटना के सामने आते ही राज्य की राजनीति का तापमान बेहद बढ़ गया है। पश्चिम बंगाल के विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि जिन लोगों ने जनता के पैसे और सरकारी संपत्ति को लूटकर अवैध काली कमाई जमा की है, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। हालांकि, जिला पुलिस ने अभी तक जब्त की गई कुल रकम और सोने का आधिकारिक और अंतिम ब्योरा जारी नहीं किया है, लेकिन इलाके में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जांच और तलाशी अभियान लगातार जारी है।