Breaking News in Hindi

अपने 47 अधिकारियों की सेवा समाप्त कर दी एनटीए ने

पेपर लीक पर मचे बवाल के बीच एनटीए की नई कार्रवाई

  • साख बहाल करने की नई चाल

  • कुछ के खिलाफ कार्रवाई भी होगी

  • नई बहाली की भी तैयारी चल रही

  • राष्ट्रीय खबर

नईदिल्लीः नीट-यूजी 2026 पेपर लीक विवाद के बाद देश भर में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपने 47 अधिकारियों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। एजेंसी इनमें से कुछ अधिकारियों के खिलाफ कानूनी और आपराधिक कार्रवाई शुरू करने की तैयारी में भी है। इसके साथ ही, संस्थान की साख और कार्यप्रणाली को मजबूत करने के लिए नई नियुक्तियों की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

शिक्षा मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एनटीए का व्यापक पुनर्गठन किया जा रहा है और आने वाले दिनों में और अधिक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। शिक्षा मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त निकाय के रूप में कार्य करने वाली एनटीए ने इस सप्ताह जनरल मैनेजर स्तर के वरिष्ठ पदों के लिए विज्ञापन जारी किए हैं। इसके अलावा, संघ लोक सेवा आयोग के प्रतिभा सेतु पोर्टल के माध्यम से 16 युवा पेशेवरों की नियुक्ति प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि अनुबंध के आधार पर चार जनरल मैनेजरों के पदों को अधिसूचित किया गया है, जिनका शुरुआती कार्यकाल तीन वर्ष का होगा। इनमें से जीएम (मूल्यांकन अनुसंधान, विकास और साइकोमेट्रिक्स) एनटीए के अकादमिक और मूल्यांकन-विज्ञान कार्यों का नेतृत्व करेंगे, जिन पर प्रश्न बैंकों, नॉर्मलाइजेशन पद्धतियों, कंप्यूटर-अनुकूलित परीक्षण और एआई-सहायता प्राप्त मूल्यांकन की जिम्मेदारी होगी।

मंत्रालय के अनुसार, जीएम (टेस्ट सेंटर नेटवर्क और ऑपरेशन्स) देश-विदेश के 500 से अधिक शहरों में फैले एनटीए के परीक्षा केंद्रों का प्रबंधन संभालेंगे। वे केंद्रों की क्षमता योजना, गुणवत्ता, परीक्षा के दिन के संचालन तथा राज्य और जिला प्रशासनों के साथ बेहतर समन्वय की देखरेख करेंगे ताकि भविष्य में पारदर्शी और गड़बड़ी-मुक्त परीक्षाएं कराई जा सकें।