Breaking News in Hindi

दुनिया भर के कॉकरोचों के लिए समर्थन की बाढ़ आयी

हर किस्म का सामान ऑनलाइन भेज रहे हैं लोग

  • लगातार पहुंच रही है डिलेवरी

  • भोजन के अलावा दवाई भी

  • दुपहिया वाहनों पर राइडर्स

राष्ट्रीय खबर

नईदिल्लीः राजधानी दिल्ली का प्रसिद्ध जंतर-मंतर, जो आमतौर पर नारों, बैनरों और राजनीतिक सभाओं के लिए जाना जाता है, इन दिनों देश के सबसे व्यस्त डिलीवरी हॉटस्पॉट में तब्दील हो गया है। नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों के खिलाफ जारी अनिश्चितकालीन छात्र प्रदर्शन के दौरान, स्विगी, ज़ोमैटो, ब्लिंकिट और जेप्टो जैसी क्विक-कॉमर्स और फूड डिलीवरी कंपनियों के राइडर्स की लगातार आवाजाही देखने को मिल रही है। इसके अलावा कई अन्य संगठनों ने भी वहां छात्रों को कोई परेशानी नहीं हो, इसके लिए अपने अपने शिविर स्थापित किये हैं।

जंतर-मंतर पर डटे प्रदर्शनकारी छात्रों की मदद के लिए देश-विदेश में बैठे समर्थक और विभिन्न नागरिक संगठन ऑनलाइन फूड व क्विक-कॉमर्स ऐप्स के ज़रिए बड़ी मात्रा में आवश्यक वस्तुएँ भेज रहे हैं। बिस्कुट, जूस, पानी की बोतलों, और ओआरएस के पैकेटों से लेकर प्राथमिक चिकित्सा सामग्री जैसे बैंडेज, पेनकिलर और एंटीसेप्टिक क्रीम तक, हर ज़रूरी सामान 10 से 15 मिनट के भीतर सीधे डिलीवरी एजेंट्स द्वारा जंतर-मंतर के मुख्य मंच और टेंटों तक पहुँचाया जा रहा है।

सोशल मीडिया पर भी कई ऐसे ट्रेंड्स और पोस्ट्स वायरल हो रहे हैं जहाँ लोग जंतर-मंतर का लोकेशन एड्रेस डालकर प्रदर्शनकारियों के लिए भोजन और मेडिकल सप्लाई ऑर्डर कर रहे हैं। डिलीवरी राइडर्स के अनुसार, जंतर-मंतर के आसपास पिन कोड और लैंडमार्क सेट करके प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े ऑर्डर प्राप्त हो रहे हैं। पुलिस की बैरिकेडिंग और सुरक्षा घेरे के बावजूद, डिलीवरी पार्टनर्स पुलिस कर्मियों से समन्वय बनाकर प्रदर्शन में बैठे छात्रों तक पैकेट पहुँचा रहे हैं।

क्विक-कॉमर्स ऐप्स की इस अप्रत्याशित भूमिका ने एक नए डिजिटल विरोध प्रदर्शन को जन्म दिया है, जहाँ भौतिक रूप से उपस्थित न होने वाले लोग भी ऑनलाइन माध्यम से आंदोलन से जुड़ रहे हैं। छात्रों का कहना है कि डिजिटल डिलीवरी नेटवर्क के इस त्वरित सहयोग ने भीषण गर्मी और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उनके हौसले को बनाए रखने में बड़ी मदद की है।