मॉनसून सत्र से ठीक पहले कांग्रेस नेताओं का मोदी को पत्र
-
धार्मिक लोगों का ख्याल रखना होगा
-
पारदर्शी जांच से ही स्थिति स्पष्ट होगी
-
जमीन की खरीद में भी गड़बड़ी की गयी है
राष्ट्रीय खबर
नईदिल्लीः कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक संयुक्त पत्र लिखकर अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वित्तीय मामलों की स्वतंत्र और व्यापक जांच कराने की मांग की है। कांग्रेस के इन दोनों शीर्ष नेताओं ने राम मंदिर निर्माण के लिए देश-विदेश से मिले दान और चंदे में कथित रूप से वित्तीय अनियमितताओं और चोरी का आरोप लगाते हुए इस विषय पर केंद्र सरकार से तुरंत कड़े कदम उठाने का आग्रह किया है।
यह पत्र ऐसे समय में सामने आया है जब संसद का मानसून सत्र शुरू होने वाला है और विपक्ष ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि वे इस सत्र में कथित राम मंदिर चंदा घोटाला मामले को एक प्रमुख मुद्दा बनाएंगे। पत्र में विपक्षी नेताओं ने इस बात पर गहरी चिंता व्यक्त की है कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस पवित्र प्रोजेक्ट के वित्तीय प्रबंधन में पारदर्शिता की कमी और हेरफेर की खबरें सामने आ रही हैं। उनका कहना है कि राम मंदिर के नाम पर एकत्र किए गए धन की सुरक्षा और उसकी सत्यता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है, इसलिए किसी निष्पक्ष केंद्रीय एजेंसी या स्वतंत्र समिति से इसकी गहन जांच कराई जानी चाहिए।
कांग्रेस का आरोप है कि ट्रस्ट के फंड और जमीनों की खरीद-फरोख्त में कुछ संदिग्ध लेन-देन हुए हैं, जिसकी सच्चाई देश के सामने आनी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री से मांग की है कि जांच की रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाए ताकि करोड़ों राम भक्तों का भरोसा न टूटे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस संयुक्त पत्र के बाद मानसून सत्र के दौरान संसद में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर तीखी बहस और हंगामा होना तय है।