Breaking News in Hindi

अहमदाबाद में 61 बांग्लादेशी नागरिक हिरासत में

गुजरात में नागरिकों के सत्पायन का अभियान अब भी जारी है

गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई हुई

घरेलू काम या छोटी नौकरियों में थे

बांग्लादेशी दस्तावेज बरामद किये गये

राष्ट्रीय खबर

अहमदाबादः दिवाली पर्व के मद्देनजर अहमदाबाद क्राइम ब्रांच द्वारा चलाए गए एक विशेष चेकिंग अभियान के दौरान अवैध रूप से रह रहे 61 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को जानकारी दी कि यह कार्रवाई गुप्त सूचनाओं और तकनीकी इनपुट के आधार पर शहर के विभिन्न इलाकों में की गई।

क्राइम ब्रांच के प्रभारी सहायक पुलिस आयुक्त एस. एस. निनामा ने बताया कि बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए विशेष टीमें गठित की गई थीं। इस अभियान के दौरान लगभग 100 संदिग्धों को पकड़ा गया था, जिनमें से गहन जांच के बाद 61 लोगों की पहचान बांग्लादेशी नागरिकों के रूप में हुई।

झुग्गी बस्तियों में रहकर करते थे मजदूरी पुलिस जांच में सामने आया कि हिरासत में लिए गए अधिकांश लोग दैनिक वेतनभोगी मजदूर के रूप में काम कर रहे थे। एसीपी निनामा ने बताया, इनमें से ज्यादातर लोग राजमिस्त्री, घरेलू काम और अन्य मजदूरी के कार्यों में लगे हुए थे। कुछ लोग छोटे-मोटे व्यवसाय से जुड़े थे, जबकि कुछ महिलाएं स्पा व्यवसाय में कार्यरत थीं।

क्राइम ब्रांच के अनुसार, ये नागरिक मुख्य रूप से शहर की झुग्गी बस्तियों, विशेषकर दानीलिमडा, नारोल, ओढ़व और निकोल इलाकों में रह रहे थे। वे अलग-अलग समूहों में विभिन्न रास्तों से शहर पहुंचे थे और फिर अपनी आजीविका के लिए स्थानीय काम करने लगे थे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अभी तक किसी संगठित एजेंट की संलिप्तता का पता नहीं चला है।

डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू जांच अधिकारी ने बताया कि हिरासत में लिए गए व्यक्तियों के पास से कोई फर्जी भारतीय दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है, बल्कि उनके पास बांग्लादेश से जारी किए गए दस्तावेज पाए गए हैं। सभी 61 बांग्लादेशी नागरिकों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए गुजरात इलिगल इमिग्रेंट सेंटर भेजा जा रहा है, जिसके बाद उन्हें उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पुलिस ने कहा कि अवैध रूप से रह रहे विदेशियों के खिलाफ यह सत्यापन अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।