सेक्स रैकेट में लिप्त 28 महिलाएं हिरासत में
असम पुलिस ने गुप्त सूचना पर स्पा सेंटर पर छापा मारा
-
पहले से इसकी शिकायत मिली थी
-
दो ऐसे सेंटरों पर एक साथ छापा
-
स्थानीय लोग इनसे नाराज भी थे
उत्तर पूर्व संवाददाता
गुवाहाटीः असम के सिलचर में पुलिस ने अवैध देह व्यापार के खिलाफ एक बड़ा अभियान छेड़ते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। कछार पुलिस ने शहर के विभिन्न स्पा सेंटरों पर छापेमारी कर संगठित रूप से चलाए जा रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में कुल 28 महिलाओं को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस को लंबे समय से सिलचर के कई स्पा सेंटरों की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की गुप्त सूचना मिल रही थी। इसी के आधार पर, गुरुवार देर रात वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में एक टीम ने लवली स्पा (इंपीरियल महल) और लोटस स्पा (क्लब रोड) पर समन्वित छापेमारी की। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने वहां चल रहे अवैध कारोबार का पर्दाफाश करते हुए 28 महिलाओं को हिरासत में ले लिया। स्थानीय निवासियों के बीच इन केंद्रों को लेकर लंबे समय से आक्रोश था और लोग इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
यह हालिया कार्रवाई पुलिस द्वारा 17 जून को की गई छापेमारी की कड़ी है। उस दौरान हाईवे पर स्थित पारिजात रेस्टोरेंट-कम-स्पा पर पुलिस ने दबिश दी थी, जिसके बाद संचालक जेपी दास को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। उस ऑपरेशन से मिले सुरागों के आधार पर ही पुलिस ने शहर भर के संदिग्ध स्पा सेंटरों पर अपनी निगरानी बढ़ा दी है। इसी क्रम में, पिछले सोमवार को भी पुलिस ने सेकंड लिंक रोड की लेन नंबर 14 के एक घर से चार महिलाओं और तीन पुरुषों को अनैतिक देह व्यापार के आरोप में गिरफ्तार किया था।
कछार पुलिस के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है। जांच में शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, शहर के अन्य संदिग्ध ठिकानों पर भी छापे मारने का सिलसिला जारी रहेगा। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई ने स्थानीय स्तर पर अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के बीच हड़कंप मचा दिया है।