Breaking News in Hindi

आर्थिक संकट से जूझते बोलिविया में माहौल और बिगड़ा

राजधानी में मोरालेस समर्थकों का मार्च से तनाव

एजेंसियां

ला पाज़: एक पीढ़ी के सबसे गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे बोलिविया में पूर्व राष्ट्रपति इवो मोरालेस के समर्थकों और सुरक्षा बलों के बीच हिंसक झड़पें हुई हैं। एंडीज पर्वत श्रृंखला से होते हुए छह दिनों के लंबे मार्च के बाद, डायनामाइट की छड़ें और गुलेल लिए हजारों मोरालेस समर्थक सोमवार को राजधानी ला पाज़ पहुंचे, जहाँ दंगा नियंत्रण पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए मोर्चा संभाल लिया।

शहर के मध्य इलाके डायनामाइट के धमाकों से गूंज उठे, जिसके जवाब में सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले छोड़े। प्रदर्शनकारी मौजूदा राष्ट्रपति के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, जिन्होंने महज छह महीने पहले ही पद संभाला है। मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी मातृभूमि या मौत, हम जीतेंगे! के नारे लगा रहे थे।

लगभग दो हफ्तों से जारी रैलियों और सड़क जाम (रोड ब्लॉक) ने राष्ट्रपति रोड्रिगो पाज़ के सामने अब तक की सबसे बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। पाज़ लगभग दो दशकों के समाजवादी शासन के बाद बोलिविया की कमान संभालने वाले पहले रूढ़िवादी नेता हैं। उनके सत्ता में आते ही देशव्यापी प्रदर्शनों के कारण आवश्यक वस्तुओं की भारी किल्लत हो गई है।

राष्ट्रपति पाज़ पिछले साल सत्ता में आए थे, जब लातिन अमेरिका में अमेरिका के ट्रम्प प्रशासन के सहयोगी रूढ़िवादी नेताओं की एक नई लहर चली थी। पिछले 40 वर्षों के सबसे गंभीर आर्थिक संकट को विरासत में पाने वाले पाज़ देश में ईंधन की कमी को दूर करने, भारी बजटीय घाटे को नियंत्रित करने और अमेरिकी डॉलर की किल्लत को सुलझाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इसके साथ ही, उन्हें मोरालेस से जुड़े उन शक्तिशाली समूहों को भी शांत करना है जो उनकी प्रेसीडेंसी को बाधित कर सकते हैं। हालांकि, हाल के दिनों में सरकार ने हड़ताली खनिकों और शिक्षकों के साथ समझौता कर उनके विरोध को समाप्त कराने में सफलता पाई है, लेकिन कई अन्य संगठन अब भी सड़कों पर हैं।

बोलिविया के ग्रामीण स्वदेशी बहुसंख्यक समुदाय का प्रतिनिधित्व करने का दावा करने वाले मोरालेस समर्थकों के लिए रोड ब्लॉक हमेशा से एक मुख्य हथियार रहा है। पिछले 16 दिनों से जारी इन नाकेबंदियों के कारण प्रमुख राजमार्गों पर हजारों ट्रक फंसे हुए हैं, जिससे राजधानी ला पाज़ और अन्य शहरों में भोजन, ईंधन और चिकित्सा आपूर्ति की भारी कमी हो गई है।

सप्ताहांत में सरकार ने इन नाकेबंदियों को हटाने के लिए देश भर में पुलिस और सेना के जवानों को तैनात किया था। पब्लिक प्रॉसिक्यूटर के अनुसार, इस कार्रवाई में कई लोग घायल हुए हैं और सोमवार तक कम से कम 90 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उप आंतरिक मंत्री हर्नान पेरेडेस ने कहा, अगर मार्च शांतिपूर्ण है तो वे ऐसा कर सकते हैं, लेकिन यदि वे अपराध करेंगे तो हम सख्त कार्रवाई करेंगे। वहीं, राष्ट्रपति पाज़ ने मोरालेस पर आरोप लगाया है कि वे उनके प्रशासन को कमजोर करने के लिए इस अशांति की साजिश रच रहे हैं।