बीजेपी एमएलए को कैश बांटने के आरोप में हिरासत में
-
मणिपुर में सुरक्षा बलों का बड़ा अभियान
-
उखरुल में व्यापक गोलीबारी की घटना
-
पांच नागा वॉलंटियर को गोली मार दी गई
भूपेन गोस्वामी
गुवाहाटी: असम के कछार जिले की बरखोला सीट से भाजपा उम्मीदवार किशोर नाथ को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में हिरासत में लिया गया। उन पर हिंगलगंज में मतदाताओं को 5,000 रुपये नकद बांटने का आरोप लगा है। स्थानीय लोगों द्वारा घेरे जाने के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, नाथ ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि वह मंदिर दर्शन के लिए गए थे और उनके कार्यकर्ता द्वारा एक कीर्तन समिति को दान दिया जा रहा था। उन्होंने इसे विरोधियों की साजिश करार दिया है।
असम की राजधानी गुवाहाटी में भाजपा की महिला शाखा ने महिला आरक्षण विधेयक के समर्थन में एक विशाल रैली निकाली। खानपारा से सिक्स माइल तक आयोजित इस मार्च में प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया और सांसद बिजुली कलीता मेधी सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने ‘इण्डिया’ गठबंधन पर विधेयक में बाधा डालने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व ने जमीनी स्तर की महिला नेताओं के अवसरों को सीमित किया है।
मणिपुर के सीमावर्ती और पहाड़ी जिलों में सुरक्षा बलों ने उग्रवादी गतिविधियों के खिलाफ संयुक्त अभियान तेज कर दिया है। कांगपोकपी जिले में छह अवैध बंकरों को ध्वस्त किया गया और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया। वहीं, टेंग्नौपाल जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास से एके-47 राइफल, कार्बाइन, चार आईईडी और वायरलेस सेट का जखीरा मिला है। आईईडी को मौके पर ही सुरक्षित नष्ट कर दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए राज्य भर में 112 चेकपॉइंट बनाए गए हैं और संदिग्ध गतिविधियों के आरोप में नौ लोगों को हिरासत में लिया गया है।
मणिपुर के उखरुल जिले के सिनाकेइथेई गांव में नागा समुदाय के वॉलंटियर्स पर संदिग्ध कुकी उग्रवादियों द्वारा गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस हमले में एक स्नाइपर शॉट से एक व्यक्ति (चिहंगम रुंगसुंग) के पैर में गंभीर चोट आई है। यह घटना नागा संगठनों द्वारा बुलाए गए बंद के दौरान हुई। घायल को बीएसएफ चौकी पर प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल रेफर किया गया है, और क्षेत्र में सुरक्षा बल कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रहे हैं।