Breaking News in Hindi

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 का तीसरा कोण मजबूत दिखा

थलपति विजय दो सीटों से लड़ेंगे चुनाव

राष्ट्रीय खबर

चेन्नईः तमिलनाडु की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत करते हुए, तमिझगा वेत्री कड़गम के अध्यक्ष और सुपरस्टार सी. जोसेफ विजय ने रविवार, 29 मार्च 2026 को आगामी विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की पूरी सूची जारी कर दी है। विजय खुद दो विधानसभा क्षेत्रों—चेन्नई की पेरंबूर और तिरुचि ईस्ट से चुनाव लड़कर अपने चुनावी सफर की शुरुआत करेंगे। उनकी पार्टी तमिलनाडु की सभी 234 और पुडुचेरी की 30 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जिससे राज्य में मुकाबला अब त्रिकोणीय होने की उम्मीद है।

विजय के खिलाफ पेरंबूर में डीएमके ने मौजूदा विधायक आर.डी. शेखर को उतारा है, जबकि तिरुचि ईस्ट में उनका मुकाबला डीएमके के इनिगो इरुदयाराज और एआईएडीएमके के के. राजशेखरन से होगा। टीवीके की सूची में कई अनुभवी चेहरे भी शामिल हैं, जिनमें पूर्व एआईएडीएमके मंत्री के.ए. सेंगोट्टैयन (गोबीचेट्टीपलयम) और कु.पा. कृष्णन (लालगुडी) जैसे नाम प्रमुख हैं। पार्टी के महासचिव बुसी एन. आनंद चेन्नई की टी. नगर सीट से अपनी किस्मत आजमाएंगे।

कोलाथुर में टीवीके के वी.एस. बाबू का मुकाबला सीधे मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन से होगा। चेपॉक-तिरुवल्लिकेनी में कांग्रेस छोड़कर आए डी. सेल्वम, उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन को चुनौती देंगे। आर.के. नगर से एन. मैरी विल्सन मैदान में हैं, जो चेन्नई के एक प्रमुख शैक्षणिक संस्थान से जुड़ी हैं।

विजय ने अपनी सूची में 23 महिला उम्मीदवारों को जगह दी है, जो समावेशी राजनीति की दिशा में एक कदम माना जा रहा है। उम्मीदवार घोषणा के दौरान विरुगमबक्कम से प्रत्याशी आर. सबरिनाथन मंच पर ही भावुक होकर रो पड़े, जिन्हें विजय ने खुद गले लगाकर ढांढस बंधाया। हालांकि, कुछ क्षेत्रों जैसे के.वी. कुप्पम में कार्यकर्ताओं ने उम्मीदवार चयन को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया। तमिलनाडु में मतदान 6 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित है, और विजय की एंट्री ने राज्य के पारंपरिक राजनीतिक समीकरणों को पूरी तरह से हिला दिया है।