Breaking News in Hindi

अविश्वास प्रस्ताव का प्रस्ताव ध्वनि मत से खारिज

संसद में पूर्व प्रत्याशित परिणाम के अनुरुप ही फैसला

  • अमित शाह के बयान के बाद मतदान

  • पहले से ही तय था बहुमत का फैसला

  • सदन की कार्यवाही तुरंत स्थगित हुई

राष्ट्रीय खबर

नई दिल्ली: लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला को उनके पद से हटाने के लिए लाया गया विपक्ष का संकल्प प्रस्ताव बुधवार (11 मार्च, 2026) को सदन में ध्वनि मत से गिर गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा दिए गए बयानों पर विपक्ष के भारी हंगामे और माफी मांगो के नारों के बीच पीठासीन अधिकारी जगदंबिका पाल ने घोषणा की कि अविश्वास प्रस्ताव पराजित हो गया है। इसके तुरंत बाद सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई।

अमित शाह का राहुल गांधी पर तीखा प्रहार प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लोक सभा में 175 घंटे से अधिक समय तक अपनी बात रखी है, ऐसे में यह आरोप गलत है कि उन्हें बोलने से रोका गया। शाह ने राहुल गांधी की सदन में अनुपस्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा, राहुल गांधी पार्टी के प्रचार के लिए विभिन्न स्थानों की यात्रा करते हैं, लेकिन उन्होंने राष्ट्रपति के अभिभाषण, बजट और अनुच्छेद 370 जैसे महत्वपूर्ण सत्रों से दूरी बनाए रखी। वे प्रमुख संसदीय सत्रों के दौरान विदेश यात्रा पर रहते हैं और फिर आरोप लगाते हैं कि उन्हें बोलने नहीं दिया जाता।

गृह मंत्री ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि 17वीं लोक सभा में राहुल गांधी की उपस्थिति मात्र 51 प्रतिशत थी (जबकि औसत 66 प्रतिशत था) और 16वीं लोक सभा में यह 52 प्रतिशत थी (औसत 80 प्रतिशत के मुकाबले)। इन टिप्पणियों के बाद विपक्षी सदस्यों ने सदन के बीचों-बीच आकर नारेबाजी शुरू कर दी और गृह मंत्री से माफी की मांग की।

सदन की अन्य कार्यवाही हंगामे के कारण जगदंबिका पाल ने विपक्षी सदस्यों से अपनी सीटों पर बैठने का आग्रह किया ताकि मतदान की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके। हालांकि, विरोध जारी रहने पर उन्होंने ध्वनि मत का सहारा लिया और प्रस्ताव को खारिज घोषित कर दिया। दूसरी ओर, राज्य सभा में ग्रामीण विकास मंत्रालय के कामकाज पर चर्चा जारी रही, जिसके बाद सदन स्थगित कर दिया गया। इससे पहले केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने अपने मंत्रालय से जुड़ी चर्चा का जवाब दिया था।