Breaking News in Hindi

मंदिर के बाहर लोगों ने ज्ञानेश कुमार को काला झंडा दिखाया

काली घाट मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे मुख्य चुनाव आयुक्त

राष्ट्रीय खबर

कोलकाताः पश्चिम बंगाल पहुँचते ही देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। सोमवार सुबह जब वे कोलकाता के प्रसिद्ध कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुँचे, जो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का निवास क्षेत्र भी है, तो प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने उन्हें घेर लिया। प्रदर्शनकारियों ने उन्हें काले झंडे दिखाए और गो बैक (वापस जाओ) के नारे लगाए। हालांकि, ज्ञानेश कुमार ने इस विरोध प्रदर्शन पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

कालीघाट में विरोध और चुनावी शिकायतों का शोर चुनाव आयोग की फुल बेंच रविवार रात कोलकाता पहुँची थी। सोमवार से राज्य प्रशासन और विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ चरणबद्ध बैठकों का दौर शुरू होना है। इससे पहले सुबह जब ज्ञानेश कुमार राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल के साथ कालीघाट मंदिर पहुँचे, तो वहां पहले से ही प्रदर्शनकारी मौजूद थे।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि एसआईआर के माध्यम से मतदाता सूची से कई लोगों के नाम बेवजह हटा दिए गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के सामने ही आयोग और एसआईआर के खिलाफ अपना गुस्सा निकाला। भारी विरोध के बीच ज्ञानेश कुमार मंदिर में दाखिल हुए और पूजा करने के बाद जब बाहर निकले, तो उन्होंने पत्रकारों से केवल दो वाक्य कहे— पश्चिम बंगाल के सभी भाई-बहनों को मेरा नमस्कार। काली माँ सबको अच्छा रखें। विरोध प्रदर्शन से जुड़े सवालों पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और चुपचाप गाड़ी में बैठकर वहां से रवाना हो गए।

आयोग के सूत्रों के अनुसार, ज्ञानेश कुमार ने कालीघाट मंदिर में बंगाल के लोगों के मंगल की कामना की है। उन्होंने कहा कि आयोग राज्य में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा, इस बार राज्य में केवल भयमुक्त चुनाव का पर्व होगा। ज्ञानेश कुमार के साथ चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी भी तीन दिवसीय दौरे पर बंगाल आए हैं। आज सुबह 10 बजे से राजनीतिक दलों के साथ उनकी बैठकें शुरू हुईं, जिसके बाद मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक सहित शीर्ष अधिकारियों के साथ भी चर्चा होनी है।

हवाई अड्डे से होटल तक जारी रहा विरोध ज्ञानेश कुमार को शहर में कदम रखते ही विरोध का सामना करना पड़ रहा है। रविवार रात कोलकाता हवाई अड्डे से न्यू टाउन स्थित होटल तक के रास्ते में भी उन्हें काले झंडे दिखाए गए थे। तृणमूल कांग्रेस और वामपंथी कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शन किया। वामपंथी समर्थकों की ओर से नो वोटर्स, नो वोट (मतदाता नहीं, तो वोट नहीं) के नारे भी लगाए गए, जो मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों की ओर इशारा करते हैं।