Breaking News in Hindi
ब्रेकिंग
Haryana News: मानवाधिकार आयोग का कड़ा फैसला; हरियाणा के हर जिले में सरकारी शव वाहन अनिवार्य, सरकार क... Panipat News: पानीपत में शर्मनाक! आपत्तिजनक वीडियो बनाकर सालों से रेप कर रहा था एक्स बॉयफ्रेंड; पति ... Crime News: पार्टी से लौटे युवक की खेत में मिली लाश; हत्या या आत्महत्या? गुत्थी सुलझाने में जुटी पुल... सत्ता का दुरुपयोग करने वालों के लिए सबक: खेड़ा Panchkula Police Action: दिल्ली से चल रहे फर्जी कॉल सेंटर नेटवर्क का भंडाफोड़; लाखों की ठगी करने वाल... तृणमूल कांग्रेस की चुनाव आयोग के खिलाफ याचिका खारिज देश भर के अधिकांश मोबाइलों में बजा सायरन बंगाल के चौबीस परगना की दो सीटों पर दोबारा वोट विरोध और उकसावे के बीच बड़ा अंतर होता है भाजपा का दांव अब भाजपा पर आजमा रही है आप

गुजरात में भारतीय जनता पार्टी ने प्रचंड जीत का नया रिकार्ड बनाया

  • अब तक के जीत के सारे रिकार्ड टूटे

  • हिमाचल की बाजी हाथ से निकली

  • आप अब एक राष्ट्रीय पार्टी बन गयी

राष्ट्रीय खबर

नईदिल्ली: गुजरात चुनाव ने यह साबित कर दिया कि वहां नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता को चुनौती देने की स्थिति किसी दूसरे दल में अब तक तो नहीं है। इसी वजह से इस बार वहां भाजपा ने न सिर्फ निर्णायक बढ़त हासिल कर ली है बल्कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को बहुत पीछे छोड़ दिया है। इस शानदार जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने वहां के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को बधाई दी है।

औपचारिक तौर पर चुनाव परिणामों की घोषणा नहीं होने के बाद भी वहां फिर से भाजपा की सरकार का बनना तय है। इस बार भाजपा ने सर्वाधिक सीट जीतने का नया रिकार्ड बनाया है, जिसकी औपचारिक घोषणा चुनाव आयोग के एलान के बाद ही हो पायेगी।

इसके बीच ही आम आदमी पार्टी ने बहुत बुरा प्रदर्शन करने के बाद भी गुजरात के वोटों के आधार पर राष्ट्रीय पार्टी होने का दर्जा हासिल कर लिया है। यहां पार्टी कार्यालय में इससे संबंधित बैनर भी प्रदर्शित किये गये।

गुजरात विधानसभा चुनाव की मतगणना में गुरुवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लगातार सातवीं जीत हासिल करके जीत का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। राज्य की 182 सदस्यीय विधानसभा में पिछले 27 साल से सत्तारूढ़ भाजपा इस बार 150 का आंकड़ा पार करने जा रही  है जबकि कांग्रेस 17 पर सिमटने वाली है। आम आदमी पार्टी और समाजवादी पार्टी ने अपना खाता क्रमश: चार और एक सीट से खोल दिया है।

उल्लेखनीय है कि 182 सदस्यीय विधानसभा में पिछली बार वर्ष 2017 में 22 साल से सत्तारूढ़ रहते हुए भाजपा को सामान्य बहुमत से सात अधिक 99, कांग्रेस को 77, इसकी सहयोगी भारतीय ट्राइबल पार्टी को दो, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को एक और तीन निर्दलियों को जीत हासिल हुई थी। 2012 के पिछले चुनाव में भाजपा ने 115, कांग्रेस ने 61, राकांपा और केशुभाई पटेल की गुजरात परिवर्तन पार्टी जिसका बाद में भाजपा में विलय हो गया था उसने दो और जदयू तथा निर्दलीय ने एक एक सीटें जीती थीं।

इस बीच हिमाचल प्रदेश में भाजपा को झटका लगा है और वहां के अधिकांश एक्जिट पोल गलत साबित हो गये हैं। वहां कांग्रेस ने 35 सीटें जीत ली है और सरकार पर उसका दावा मजबूत है। इस बीच ही विधायकों की खरीद फरोख्त रोकने के लिए कांग्रेस नेतृत्व सक्रिय हुआ है और सभी विधायकों को एकजुट किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह बघेल खुद चंडीगढ़ जा रहे हैं। वहां पर हिमाचल के सारे कांग्रेसी विधायकों से मिलेंगे।

हिमाचल प्रदेश में भाजपा की पराजय को पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा की प्रतिष्ठा से जोड़कर देखा जा रहा है। दूसरी तरफ कांग्रेस के अंदर ही मुख्यमंत्री पद के दावेदारों के बीच अभी से ही घमासान होने के संकेत मिलने लगे हैं।

उधर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विधानसभा चुनावों में हार स्वीकार करते हुये कहा है कि वह जनता का उसके फैसले के लिये धन्यवाद करते हैं। श्री ठाकुर ने राज्य में बनने वाली कांग्रेस की नयी सरकार को शुभकामनाएं देते हुये कहा कि उन्होंने राज्यपाल से मिलकर अपना इस्तीफा सौंप दिया है।

उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनावों के अब तक के रुझानों और परिणामों के अनुसार कांग्रेस ने सरकार बनाने के लिये स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। अब तक आए नतीजों में कांग्रेस ने 38 सीटें जीत ली हैं तथा एक अन्य सीट पर भी वह काफी अंतर से आगे है। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 21 सीटें मिली हैं तथा पांच अन्य पर उसका जीतना तय है। तीन सीटों पर निर्दलीय जीते हैं।

इधर खतौली विधानसभा उपचुनाव में रालोद प्रत्याशी मदन भैया जीत गये हैं जबकि आजम खान के गढ़ में ामपुर सदर में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत मिली है। ओडिशा में पदमपुर विधानसभा उपचुनाव सत्तारूढ़ बीजद ने जीता। पार्टी ने यह सीट बरकरार रखी है। छत्तीसगढ़ की भानुप्रतापपुर विधानसभा सीट पर हुए उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री मंडावी ने भाजपा के ब्रम्हानन्द नेताम को 21 हजार से अधिक मतों से शिकस्त देकर पार्टी का इस सीट पर कब्जा बरकरार रखा हैं।

बिहार के कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज कर ली है। पार्टी के उम्मीदवार केदार प्रसाद गुप्ता ने महागठबंधन समर्थित जदयू उम्मीदवार को 3632 मतों से पराजित किया। भाजपा उम्मीदवार को 76648 तो जदयू प्रत्याशी को 73016 वोट मिले। मैनपुरी लोकसभा सीट समाजवादी पार्टी के खाते में गयी है। सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की लंबी बीमारी के बाद हुए निधन से यह सीट खाली हुई थी। सपा ने इस सीट पर अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को अपना प्रत्याशी बनाया था।