Breaking News in Hindi

फ्लाईदुबई के कप्तान स्मित मच्छार अब स्वस्थ हो गये

यूएई में राष्ट्रपति ने सम्मानित किया

दुबई: संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति महामहिम शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने यात्रियों की जान बचाने और अदम्य साहस दिखाने के लिए फ्लाईदुबई के क्रू मेंबर्स को प्रथम श्रेणी ऑर्डर ऑफ जायद द्वितीय से सम्मानित किया। यह सम्मान दुबई के क्राउन प्रिंस, उप प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री और दुबई कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम द्वारा प्रदान किया गया।

दुबई के उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और शासक महामहिम शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम की मौजूदगी में राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद ने मंगलवार को क्रू मेंबर्स से मुलाकात भी की। दोनों शीर्ष नेताओं ने यात्रियों की सुरक्षा और विमान को सुरक्षित रखने के लिए चालक दल के साहस और पेशेवर रवैये की सराहना की और दोहराया कि लोगों की सुरक्षा एवं संरक्षा यूएई की पहली प्राथमिकता है।

फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छार की दुनियाभर के नेताओं द्वारा जमकर प्रशंसा की जा रही है। 30 सितंबर को उड़ान एफजेड 1073 के कॉकपिट में हुई एक गंभीर घटना के दौरान वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।  गंभीर चोटों के बावजूद, भारतीय मूल के इस पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता पाई, जिससे केबिन क्रू के सदस्यों और यात्रियों को अंदर आकर बीच-बचाव करने का मौका मिला।

इसके बाद विमान को सुरक्षित रूप से सऊदी अरब के तबूक हवाई अड्डे की ओर मोड़कर सुरक्षित लैंड कराया गया।  उनके इस अदम्य साहस और समझदारी के लिए संयुक्त अरब अमीरात, भारत, इजरायल और संयुक्त राज्य अमेरिका से सम्मान और श्रद्धांजलि दी गई है। यूएई ने उड़ान के पूरे क्रू सदस्यों को औपचारिक रूप से सम्मानित किया है, जबकि इजरायल ने मच्छार के पूरी तरह स्वस्थ होने पर उन्हें नागरिक वीरता पुरस्कार देने की घोषणा की है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद क्रू मेंबर्स ने यूएई के राष्ट्रपति का आभार व्यक्त किया और इस गौरवपूर्ण सम्मान पर गर्व जताया।

दूसरी ओर, जब कप्तान स्मित मच्छार अस्पताल में अपनी चोटों का इलाज करा रहे थे, तब 3 अक्टूबर को शेख हमदान ने खुद अस्पताल जाकर उनसे मुलाकात की थी। उन्होंने कैप्टन के साहस, जिम्मेदारी की भावना और मानव जीवन की रक्षा के प्रति उनके समर्पण की दिल खोलकर तारीफ की थी।

शेख हमदान ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था कि कप्तान ने साहस, जिम्मेदारी और मानवीय जीवन की देखभाल का सर्वोच्च उदाहरण पेश किया है। उन्होंने कहा, हमारी और देश के नेतृत्व की ओर से उन्हें हमारी पूर्ण प्रशंसा और सम्मान समर्पित है।

शेख हमदान ने आगे कहा कि यूएई को अपनी टीम और राष्ट्रीय कहानी के हिस्से के रूप में मच्छार पर गर्व है, और उन्होंने यूएई को दया का देश… शांति का देश… और जीवन का देश करार दिया। यह मुलाकात यूएई सामान्य नागरिक उड्डयन प्राधिकरण द्वारा कैप्टन मच्छार, क्रू मेंबर्स और उन यात्रियों की सराहना के बाद हुई, जिन्होंने स्थिति को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण मदद की थी।