Breaking News in Hindi

जैसे की उम्मीद थी मैदान छोड़कर भाग निकले पराजित नेता

बोल्सोनारे ने अमेरिका में जाकर शरण ली

वाशिंगटन: ब्राजील के हालिया राष्ट्रपति चुनाव में पराजित हुए दक्षिणपंथी उम्मीदवार और सीनेटर फ़्लैवियो बोल्सोनारो ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट के सख्त आदेश और पासपोर्ट रद्द होने के बावजूद अमेरिका पहुंच गए हैं।

ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस अलेक्जेंड्रे डी मोरेस ने सीनेटर फ़्लैवियो बोल्सोनारो के यात्रा दस्तावेजों को तुरंत जब्त करने और उनके देश छोड़ने पर पूरी तरह रोक लगाने का आदेश दिया था। अदालत ने उन्हें मंगलवार दोपहर तक अपने सभी पासपोर्ट अधिकारियों के समक्ष जमा करने की समय सीमा दी थी, जिसका उन्होंने उल्लंघन किया। इसके बाद ब्राजील की संघीय पुलिस ने उनके पासपोर्ट आधिकारिक रूप से रद्द कर दिए थे।

सीनेटर फ़्लैवियो बोल्सोनारो के खिलाफ यह सख्त न्यायिक कदम धन शोधन के गंभीर आरोपों से जुड़ी एक व्यापक जांच के तहत उठाया गया है। जांचकर्ताओं का ध्यान रियो डी जेनेरियो राज्य में संचालित डिजिटल भुगतान प्लेटफॉर्मों और सट्टेबाजी (बैटिंग) क्षेत्र में हुए कथित वित्तीय घोटालों पर केंद्रित है। यह जांच उस समय से जुड़ी है जब रियो राज्य पर बोल्सोनारो के करीबी सहयोगी क्लॉडियो कास्त्रो का शासन था। हालांकि, बोल्सोनारो ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीति से प्रेरित बताया है।

अमेरिका रवाना होने से ठीक एक दिन पहले सोमवार को जारी एक वीडियो संदेश में सीनेटर ने कहा था, मैंने कभी भी अपना देश छोड़कर जाने के बारे में नहीं सोचा था। फ़्लैवियो बोल्सोनारो के ब्राजील से बाहर निकलने के रास्ते को लेकर शुरू में भ्रम की स्थिति बनी रही। ब्राजील की संघीय पुलिस ने अर्जेंटीना के अधिकारियों से संपर्क कर यह पता लगाने की कोशिश की कि क्या सीनेटर वहां से होकर निकले हैं।

अर्जेंटीना के प्यूर्टो इगुआज़ू हवाई अड्डे पर खड़े एक निजी चार्टर विमान (बीआरईएस फ्लाई, टेल नंबर एलवी जेक्यूडब्ल्यू की जांच की गई, लेकिन अर्जेंटीना के आव्रजन विभाग ने पुष्टि की कि बोल्सोनारो का उनके यहां से आधिकारिक तौर पर प्रवेश करने का कोई रिकॉर्ड नहीं था।

तमाम कानूनी रुकावटों के बावजूद बीबीसी की रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिका के डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने फ़्लैवियो बोल्सोनारो और उनके परिवार को प्रवेश वीजा प्रदान किया, जिससे वे सुरक्षित अमेरिका पहुंच सके। अमेरिकी सूत्रों के अनुसार, बोल्सोनारो अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य पहुंचे हैं, जहां उन्होंने अपने भाई एडुआर्डो बोल्सोनारो से मुलाकात की है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वे अमेरिका में स्थायी शरण लेंगे या फिर से ब्राजील लौटेंगे।