लातविया के सर्वेक्षण में प्रधानमंत्री की पार्टी को अच्छी बढ़त
रीगाः लातविया के प्रधानमंत्री एंड्रियास कुलबर्ग्स का केंद्र-रूढ़िवादी यूनाइटेड लिस्ट गठबंधन शनिवार को समाप्त हुए मतदान के बाद जारी किए गए एग्जिट पोल के अनुसार, देश के संसदीय चुनाव में स्पष्ट जीत की ओर अग्रसर है। लातवियाई सार्वजनिक रेडियो और लेटा समाचार एजेंसी के संयुक्त एग्जिट पोल के अनुसार, यूनाइटेड लिस्ट को 35.6 फीसद वोट मिलने का अनुमान है, जिससे यह रीगा में 100 सीटों वाली नई संसद में सबसे बड़ा दल बन गया है।
47 वर्षीय कुलबर्ग्स ने अपनी पार्टी की चुनाव सभा में कहा कि अनुमानित परिणाम लातवियाई लोगों का एक बड़ा विश्वास मत है। उन्होंने कहा कि परिणामों से पता चलता है कि लोग अर्थव्यवस्था और सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित करते हुए बदलाव चाहते हैं। उन्होंने संभावित गठबंधन विकल्पों पर फिलहाल टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
लोकप्रिय राष्ट्रवादी लातविया फर्स्ट पार्टी 11.3 फीसद के साथ दूसरे स्थान पर रहने का अनुमान लगाया गया है, जो वामपंथी प्रोग्रेसिव्स (11.1 फीसद) और दक्षिणपंथी सोवरेन पावर पार्टी (10.8 फीसद) से थोड़ा आगे है। सोवरेन पावर ने लातविया के रूसी भाषी अल्पसंख्यकों के बीच मजबूत प्रदर्शन किया है। यूनाइटेड लिस्ट के तीन मौजूदा गठबंधन सहयोगियों में से दो ने भी संसद में प्रवेश के लिए आवश्यक सीमा पार कर ली है: रूढ़िवादी नेशनल अलायंस (8.7 फीसद) और उदारवादी-रूढ़िवादी न्यू यूनिटी (6.7 फीसद)। एग्जिट पोल के अनुसार, लातविया की संसद सईमा में कुल छह पार्टियां प्रवेश कर सकती हैं।
सावधानी बरतने की सलाह एग्जिट पोल के लिए मतदान के बाद लगभग 6,500 मतदाताओं का सर्वेक्षण किया गया। पिछले चुनावों में एग्जिट पोल के अविश्वसनीय साबित होने के कारण पार्टियों ने शुरुआती अनुमानों पर सावधानीपूर्वक प्रतिक्रिया दी। शुरुआती आधिकारिक परिणाम रविवार रात तक आने की उम्मीद है। रूस और बेलारूस की सीमा से लगे इस बाल्टिक यूरोपीय संघ और नाटो सदस्य देश में 15 लाख से अधिक लोग मतदान के पात्र थे। 1991 में सोवियत संघ से स्वतंत्रता प्राप्त करने के बाद लातविया के 11वें संसदीय चुनाव में 14 दलों और गठबंधनों ने हिस्सा लिया। चुनाव आयोग के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार मतदान प्रतिशत 50 फीसद से अधिक रहा।