Breaking News in Hindi

सिपाही ने अपने ही अफसर को गाड़ी से टक्कर मार दी

अनंतनाग में जेएंडके का सिपाही गिरफ्तार

बिजनेहरा स्टेशन के पास की घटना

संबंधित गाड़ी को भी जब्त किया गया

इस पूरे मामले की जांच अभी जारी है

राष्ट्रीय खबर

श्रीनगरः जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में एक पुलिस सिपाही को अपने ही वाहन से एक थाना प्रभारी को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल करने के आरोप में सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में बिजनेहरा पुलिस स्टेशन के पास तेज गति से गाड़ी चलाने के दौरान हुई।

अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना रविवार देर शाम उस समय हुई जब एसएचओ माजिद अहमद खान अपनी ड्यूटी पर तैनात थे, तभी आरोपी सिपाही ने पुलिस स्टेशन के पास अपने वाहन से उन्हें टक्कर मार दी।

इस मामले में आरोपी सिपाही की पहचान सिलेक्शन-ग्रेड कांस्टेबल खुर्शीद अहमद वानी (पुत्र मोहम्मद अब्दुल्ला वानी) के रूप में हुई है, जो कि जिले के कोकेरनाग क्षेत्र के बिंदू इलाके का रहने वाला है। घटना में इस्तेमाल की गई गाड़ी को पुलिस ने तुरंत जब्त कर लिया है।

अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सिपाही को तेज और लापरवाही से वाहन चलाने (रैश ड्राइविंग) तथा अधिकारी को टक्कर मारने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल पुलिस हिरासत में उससे इस पूरी घटना के पीछे के कारणों को लेकर पूछताछ की जा रही है।