सीजेपी के स्कूल ठीक करो अभियान की प्रतिक्रिया मिली
स्कूल ठीक करो अभियान का विरोध
समस्याओँ को उजागर करने से परेशानी
आरोप है कि बाहरी छात्र वहां लाये गये
राष्ट्रीय खबर
मुंबईः महाराष्ट्र के लातूर जिले में पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी के संयोजक अभिजीत दिपके और अन्य लोगों के खिलाफ बिना अनुमति के एक सरकारी स्कूल में प्रवेश करने, आधिकारिक काम में बाधा डालने और शिक्षकों को धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है। यह प्राथमिकी औसा पुलिस स्टेशन में जिला परिषद उर्दू स्कूल की 53 वर्षीय शिक्षिका सैयद शमशादबानों खैरातली द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर दर्ज की गई है। अभिजीत दिपके सीजेपी के चल रहे स्कूल ठीक करो अभियान के तहत मध्य महाराष्ट्र के लातूर जिले के विभिन्न स्कूलों का दौरा कर रहे हैं और वहां की समस्याओं को उजागर कर रहे हैं।
शिकायत के अनुसार, यह कथित घटना मुंबई से 500 किलोमीटर से अधिक दूर औसा के पास जावली स्थित जिला परिषद उर्दू स्कूल में हुई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दिपके और उनके सहयोगियों ने बिना अनुमति के स्कूल में प्रवेश किया, छात्रों के बीच बैठे और उनसे विभिन्न सवाल पूछे, जिससे शैक्षणिक और सरकारी कामकाज में बाधा उत्पन्न हुई। इसके अलावा, सीजेपी नेता ने पूरी कार्रवाई का वीडियो बनाया और इसे सोशल मीडिया पर साझा किया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि दिपके ने यह दावा करके स्कूल को बदनाम किया कि उनकी यात्रा के दौरान किसी अन्य स्कूल के छात्रों को लाकर कक्षाओं में बैठाया गया था, और उन्होंने शिक्षकों को निलंबित कराने की धमकी भी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 329(3), 351(2) और 356(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है।